Samachar Nama
×

जयपुर में कबाड़ी बनकर दुकानों की रेकी, फिर चोरी; वीडियो में जाने 10 हजार का इनामी मोसिन गिरफ्तार, माल खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ा

जयपुर में कबाड़ी बनकर दुकानों की रेकी, फिर चोरी; वीडियो में जाने 10 हजार का इनामी मोसिन गिरफ्तार, माल खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ा

जयपुर के परकोटा बाजार में कबाड़ बीनने की आड़ में बंद दुकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का मामला सामने आया है। माणक चौक थाना पुलिस ने गोपाल जी का रास्ता स्थित रोडियम पॉलिश की दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दुकान से करीब 6 से 7 किलो चांदी का सामान चोरी करने का आरोप है।

पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी संजय महरचन्दानी को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसकी जनता मार्केट, त्रिपोलिया बाजार स्थित दुकान नंबर 142बी को सील कर दिया गया। पुलिस अब चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और आरोपी के अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।

बंद दुकान को बनाया था निशाना

डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार, गोपाल जी का रास्ता स्थित रजत रोडियम दुकान के संचालक ने 20 जून को माणक चौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। दुकान में रोडियम पॉलिश का काम होता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुकान संचालक शनिवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद करके घर चला गया था। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दुकान बंद रही। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब संचालक दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला।इसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने रविवार शाम करीब 5:20 बजे से 5:37 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया था।

पीछे की खिड़की की जाली तोड़कर घुसे चोर

पुलिस के अनुसार, आरोपी दुकान के पीछे की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद ग्राहकों का करीब 6 से 7 किलो चांदी का सामान और 25 से 30 किलो तांबे के तार चोरी कर ले गए।वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच की और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कबाड़ी संजय महरचन्दानी को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसकी जनता मार्केट, त्रिपोलिया बाजार स्थित दुकान नंबर 142बी को सील कर दिया गया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किया गया सामान कब और किस तरीके से बेचा गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने इससे पहले शहर के अन्य बाजारों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया था या नहीं।

बाजारों में रेकी करने के तरीके की जांच

इस मामले में पुलिस को आशंका है कि बंद दुकानों को निशाना बनाने से पहले उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई थी। कबाड़ बीनने की आड़ में रेकी करने के आरोप की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद बाजार के व्यापारियों को भी दुकानों की सुरक्षा और बंद दुकानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क रहने की जरूरत है।

Share this story

Tags