कोटा में शराब के लिए 100 रुपए नहीं दिए तो युवक ने की मारपीट, फुटेज में देंखे घायल रामचरण की 10 दिन बाद मौत; हत्या का केस दर्ज
कोटा में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बदमाश ने 100 रुपए नहीं मिलने पर रामचरण नाम के व्यक्ति के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का दे दिया। इससे रामचरण संतुलन बिगड़ने के कारण चारपाई पर गिर गए और उनका सिर चारपाई के कोने से टकरा गया। घटना के करीब 10 दिन बाद शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।घटना 13 अक्टूबर की रात कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में हुई थी। परिजनों के अनुसार, रामचरण रात करीब 10:30 बजे चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी जीतू वहां पहुंचा और उनसे शराब पीने के लिए 100 रुपए मांगे। रामचरण ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
पैसे देने से मना किया तो मारपीट का आरोप
रामचरण के बेटे मनीष ने बताया कि आरोपी जीतू के दादा उनके पड़ोस में रहते हैं। जीतू के दादा का निधन हो गया था, जिसके चलते जीतू वहां बैठने आया था। इसी दौरान उसने उनके पिता से शराब के लिए पैसे मांगे।मनीष के मुताबिक, पैसे देने से इनकार करने पर जीतू ने उनके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने रामचरण को धक्का मार दिया, जिससे वह असंतुलित होकर चारपाई पर गिर गए। गिरने के दौरान उनका सिर चारपाई के कोने से टकरा गया और उन्हें चोट लग गई।
घटना के समय मजदूरी करने गया था बेटा
मनीष ने बताया कि घटना के समय वह मंडी में मजदूरी करने गया हुआ था। घर पर उसकी छोटी बहन मौजूद थी। मोहल्ले के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंचा। उस समय उसके पिता चारपाई पर लेटे हुए थे। मनीष के अनुसार, उनके शरीर पर बाहर से कोई स्पष्ट चोट दिखाई नहीं दे रही थी।अगली सुबह रामचरण की तकलीफ बढ़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। तब से उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या की धारा में दर्ज किया मामला
रामचरण की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस घटना के हालात और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।इस घटना से क्रेशर बस्ती में शोक का माहौल है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत से जुड़े तथ्यों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

