राजस्थान रोडवेज को मिली 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें, वीडियो में देंखे CM भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी; महिलाओं को बांटे 2500 हेलमेट
राजस्थान की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से राजस्थान रोडवेज की 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को 2500 हेलमेट भी वितरित किए और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
प्रदेशभर में बेहतर परिवहन व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के तहत रोडवेज के बेड़े में तीसरी बार नई बसों को शामिल किया गया है।उन्होंने कहा कि नई बसों के संचालन से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक सफर मिलेगा, साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों तक परिवहन सेवाओं का विस्तार भी होगा।
"हर क्षेत्र तक पहुंचे रोडवेज की सुविधा"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि राजस्थान का कोई भी गांव, कस्बा या शहर ऐसा न रहे, जहां रोडवेज बसों की सुविधा उपलब्ध न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत हो सके।
रोडवेज के मुनाफे का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लंबे समय तक राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) घाटे में चलता रहा, लेकिन अब पहली बार निगम मुनाफे में आया है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ कर्मचारियों और यात्रियों दोनों को मिल रहा है।मुख्यमंत्री के अनुसार, निगम की वित्तीय स्थिति में सुधार के बाद अब चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों को कई बार छह से आठ महीने तक वेतन का इंतजार करना पड़ता था।
सड़क सुरक्षा का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को 2500 हेलमेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
परिवहन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम
नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों के शामिल होने से रोडवेज के बेड़े में आधुनिक और बेहतर सुविधाओं वाली बसों की संख्या बढ़ेगी। सरकार का मानना है कि इससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा मिलेगी और प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, भविष्य में भी रोडवेज सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में इसी तरह के कदम उठाए जाते रहेंगे।

