राजस्थान पंचायत चुनाव: मकराना में फर्जी मतदान के आरोप पर दो पक्षों में मारपीट, फुटेज में देंखे दौसा में वोट डालने आए बुजुर्ग की मौत
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में मतदान हुआ। इस दौरान कई जगहों पर चुनावी हलचल देखने को मिली। डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच फर्जी मतदान के आरोप को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। वहीं, दौसा जिले में मतदान के लिए बूथ पर लाइन में खड़े एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।तीसरे चरण के चुनाव में जिला परिषदों के 377 वार्डों के लिए 1305 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच कुछ स्थानों से विवाद और अप्रिय घटनाओं की जानकारी सामने आई।
मकराना में फर्जी मतदान के आरोप पर भिड़े समर्थक
डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगा रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।विवाद के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर समझाइश की और स्थिति को शांत करवाया। इस घटना के बाद मतदान केंद्र के आसपास कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
दौसा में वोट डालने आए व्यक्ति की मौत
दौसा जिले की पालावास ग्राम पंचायत में मतदान करने पहुंचे हरगोविंद गुर्जर निवासी पाड़ली कलां की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर लगी लाइन में खड़े थे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई।मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों में शोक का माहौल हो गया।तीसरे चरण के मतदान में जिला परिषद और पंचायत समिति के सैकड़ों वार्डों में प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हुई। एक ओर प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदान के दौरान सक्रिय रहे, वहीं मकराना में हुई झड़प और दौसा में मतदाता की मौत जैसी घटनाओं ने चुनावी दिन को प्रभावित किया।

