राजस्थान पंचायत चुनाव: उदयपुर में नतीजे के बाद पथराव और आगजनी, झुंझुनूं में भी आधी रात को हंगामा; विधायकों के रिश्तेदार हारे
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज उपसरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। इससे पहले गुरुवार को प्रदेश की 3716 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोटिंग हुई। मतदान के बाद देर रात तक मतगणना और परिणाम जारी किए गए। कई जगह चुनावी नतीजों के बाद जश्न का माहौल रहा तो कुछ पंचायतों में हार से नाराज प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। उदयपुर की नवाघरा ग्राम पंचायत में नतीजे आने के बाद पथराव और आगजनी की घटना हुई, जबकि झुंझुनूं की रामपुरा पंचायत में भी देर रात विवाद हो गया।
उदयपुर की नवाघरा पंचायत में पथराव और आगजनी
उदयपुर जिले की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर पथराव कर दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ भी की।घटना की सूचना मिलने पर बावलवाड़ा सहित आसपास के अन्य स्थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
झुंझुनूं की रामपुरा पंचायत में आधी रात को विवाद
झुंझुनूं जिले की रामपुरा ग्राम पंचायत में भी सरपंच चुनाव के नतीजे को लेकर गुरुवार रात विवाद हो गया। चुनाव में हार का सामना करने वाले प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने परिणाम पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। बढ़ते तनाव के बीच प्रदर्शनकारी मौके से चले गए। स्थिति को देखते हुए सुबह करीब 4 बजे अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कांग्रेस विधायक की भाभी और भाजपा विधायक का बेटा चुनाव हारे
पंचायत चुनाव के नतीजों में कुछ राजनीतिक परिवारों को भी हार का सामना करना पड़ा। उदयपुर जिले की खेरवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दयाराम परमार की भाभी कमला परमार सरपंच का चुनाव हार गईं।वहीं, सलूंबर से भाजपा विधायक शांता मीणा के बेटे को भी सरपंच चुनाव में हार मिली। इन नतीजों की चर्चा स्थानीय राजनीतिक हलकों में हो रही है।
आज उपसरपंच पदों के लिए मतदान
गुरुवार को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान तथा मतगणना पूरी होने के बाद आज तीसरे चरण में उपसरपंच पदों के लिए वोटिंग कराई जा रही है। इस चरण में निर्वाचित पंच और सरपंच की भूमिका अहम रहेगी। प्रदेश की कई पंचायतों में चुनावी नतीजों के बाद उत्साह के साथ-साथ विवाद की घटनाएं भी सामने आई हैं। उदयपुर और झुंझुनूं की घटनाओं के बाद प्रशासन की चुनौती चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की है।

