रामदेवरा मेले के लिए रेलवे ने बढ़ाई सुविधा: तीन जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनें शुरू, वीडियो में जाने 11 सितंबर से होगा संचालन
राजस्थान के प्रसिद्ध रामदेवरा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने मेले के दौरान तीन जोड़ी अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।रेलवे के अनुसार, 11 सितंबर से भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें और 12 सितंबर से श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। तीनों जोड़ी ट्रेनें कुल 15-15 ट्रिप संचालित होंगी।
भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच चलेंगी दो जोड़ी ट्रेनें
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04863/04864 और 04865/04866 भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच 11 सितंबर से 25 सितंबर तक संचालित की जाएंगी।ट्रेन संख्या 04863 भगत की कोठी से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर सुबह 10:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04864 रामदेवरा से सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।इसके अलावा ट्रेन संख्या 04865 भगत की कोठी से शाम 4 बजे रवाना होकर रात 9:20 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04866 रामदेवरा से रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।
श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने श्रीगंगानगर और पोकरण के बीच भी एक जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसका संचालन 12 सितंबर से शुरू होगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है।
प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच चलने वाली दोनों जोड़ी ट्रेनों का ठहराव कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रहेगा। इनमें जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी जैसे स्टेशन शामिल हैं।
पहले से चल रही है एक जोड़ी मेला स्पेशल
रेलवे ने बताया कि वर्तमान में जोधपुर-रामदेवरा स्टेशनों के बीच एक जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेन पहले से संचालित की जा रही है। नई ट्रेनों के संचालन से श्रद्धालुओं को आने-जाने में और सुविधा मिलेगी।रामदेवरा मेले में हर साल देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लोकदेवता बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है।

