जयपुर में गारमेंट्स फैक्ट्री पर छापा, 6 बाल श्रमिक मुक्त; फुटेज में देंखे सिलाई ठेकेदार गिरफ्तार
जयपुर में बालश्रम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुरलीपुरा इलाके से 6 नाबालिग बच्चों को मुक्त करवाया है। इन बच्चों से एक गारमेंट्स यूनिट में सिलाई का काम कराया जा रहा था। पुलिस ने मौके से सिलाई ठेकेदार मोहम्मद जाहिर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुरलीपुरा थाना पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट की संयुक्त टीम ने की।डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि बुधवार को मानव तस्करी विरोधी यूनिट जयपुर वेस्ट को सूचना मिली थी कि मुरलीपुरा इलाके में एक मकान में नाबालिग बच्चों से बालश्रम करवाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट की टीम ने नीलगिरी कॉलोनी रोड नंबर 9 स्थित मोनिका गारमेंट्स पर दबिश दी।
सिलाई मशीनों पर काम करते मिले 6 बच्चे
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान की पहली मंजिल पर बने हॉल में 6 नाबालिग बच्चे सिलाई मशीनों पर कपड़े सिलते मिले। सभी बच्चे मैले-कुचैले कपड़ों में थे। हॉल में कपड़े और अन्य सामान बिखरा हुआ था। वहां गंदगी और बदबू का माहौल भी था।पुलिस ने मौके पर बच्चों को काम से मुक्त करवाया और उनसे पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि मोहम्मद जाहिर उनसे सिलाई का काम करवाता था। सिलाई के दौरान यदि उनसे कोई गलती हो जाती थी तो ठेकेदार उन्हें डांटता था। बच्चों के अनुसार, उनसे पूरे दिन काम कराया जाता था।
सुबह 8 से रात 9 बजे तक करवाते थे काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नाबालिग बच्चों से सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक काम करवाया जा रहा था। इस तरह बच्चों को करीब 13 घंटे तक सिलाई के काम में लगाया जाता था। पुलिस के अनुसार, ठेकेदार बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रखता था।बच्चों से पूछताछ में काम की परिस्थितियों और उनके साथ किए जा रहे व्यवहार से जुड़ी जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके पर मौजूद सिलाई ठेकेदार मोहम्मद जाहिर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
बालश्रम की सूचना मिलने के बाद मुरलीपुरा थाना पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने मोनिका गारमेंट्स पर दबिश देकर बच्चों को मुक्त करवाया। इसके बाद ठेकेदार को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।जयपुर में बालश्रम के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के बाद गारमेंट्स यूनिट में बच्चों से काम करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मुक्त करवाए गए छहों बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की जा रही है।

