प्रॉपर्टी-क्रिप्टो में निवेश के नाम पर 100 करोड़ की ठगी, फुटेज में देंखे दो वांटेड गिरफ्तार; 1.25 करोड़ की मर्सिडीज जब्त
जयपुर में प्रॉपर्टी और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर कथित तौर पर करीब 100 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले दो वांटेड आरोपियों को सोडाला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 1.25 करोड़ रुपए कीमत की मर्सिडीज कार जब्त की है। इसके अलावा करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी को भी फ्रीज करवाया गया है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कंपनी बंद करने के बाद फरार हो गए थे और ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल लग्जरी लाइफ जीने के साथ-साथ महंगी संपत्तियों और वाहनों में निवेश करने में कर रहे थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर ठगी की रकम और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गुरुग्राम से पकड़ा गया पहला आरोपी
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 100 करोड़ रुपए की कथित ठगी के मामले में वांटेड मोहित कालोया निवासी बिहारीपुरा, कालाडेरा और घनश्याम कांदेल उर्फ घनश्याम कडेंल निवासी चितवाड़ी, बुनकर मोहल्ला, सामोद को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस टीम ने मोहित कालोया की तलाश करते हुए उसे गुरुग्राम से पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस को घनश्याम कांदेल के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकाने पर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
कंपनी बंद कर फरार होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर प्रॉपर्टी और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लोगों को ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर रकम जुटाने का आरोप है। कथित तौर पर बड़ी रकम इकट्ठा होने के बाद कंपनी को बंद कर दिया गया और आरोपी फरार हो गए।पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल आरोपियों ने महंगी जीवनशैली पर किया। इसी रकम से करीब 1.25 करोड़ रुपए की मर्सिडीज कार खरीदे जाने की जानकारी सामने आई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एक करोड़ की एफडी फ्रीज
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी का भी पता लगाया। पुलिस ने इस एफडी को फ्रीज करवाया है। अब पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, निवेश, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।पुलि स यह भी जांच कर रही है कि कथित ठगी की रकम कहां-कहां निवेश की गई और आरोपियों के साथ इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले में ठगी की रकम से जुड़ी और संपत्तियों तथा निवेश की जानकारी सामने आ सकती है।

