राजस्थान में जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां पूरी, जयपुर, वीडियो में जाने उदयपुर और अलवर में होंगे भव्य आयोजन
राजस्थान में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्राओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के जयपुर, उदयपुर और अलवर में इस बार भी भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर समितियों और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रथयात्राओं के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू रहेगा।
जयपुर में 16 जुलाई को निकलेंगी तीन प्रमुख रथयात्राएं
राजधानी जयपुर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की तीन प्रमुख रथयात्राएं निकाली जाएंगी।पहली रथयात्रा गोविंददेवजी मंदिर की करीब 250 वर्ष पुरानी पारंपरिक यात्रा होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।दूसरी रथयात्रा श्री जगन्नाथ सेवक समिति की ओर से आयोजित की जाएगी। यह यात्रा पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर निकाली जाती है और हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।तीसरी शोभायात्रा गुप्त वृंदावन धाम की होगी, जिसमें भगवान जगन्नाथ आधुनिक हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। यह रथ अपनी विशेष तकनीक और आकर्षक सजावट के कारण श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उदयपुर में 95 किलो के रजत रथ पर विराजेंगे भगवान जगन्नाथ
उदयपुर में भगवान जगन्नाथ स्वामी माता लक्ष्मी और दानीराय जी के साथ 95 किलोग्राम वजनी चांदी के रजत रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की विशाल उपस्थिति देखने को मिलेगी।
अलवर में 22 जुलाई को निकलेगी ऐतिहासिक रथयात्रा
अलवर शहर में 22 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान 196 वर्ष पुराने ऐतिहासिक 'इंद्र विमान' पर विराजमान होकर पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार विवाह यात्रा के लिए निकलेंगे। इस ऐतिहासिक रथयात्रा को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव
रथयात्राओं को देखते हुए जयपुर, उदयपुर और अलवर में प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं से प्रशासन ने अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का पालन करें।भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा राजस्थान में आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रमुख उत्सव मानी जाती है। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

