Samachar Nama
×

जयपुर के विद्याधर नगर में UGC रोलबैक पोस्टर से गरमाई सियासत, वीडियो में जाने बीजेपी के कोर वोट बैंक में सेंध का कांग्रेस का दावा

जयपुर के विद्याधर नगर में UGC रोलबैक पोस्टर से गरमाई सियासत, वीडियो में जाने बीजेपी के कोर वोट बैंक में सेंध का कांग्रेस का दावा

जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म हो गया है। बीजेपी का गढ़ माने जाने वाले इस इलाके के लगभग हर वार्ड में 'UGC रोलबैक' से जुड़े पोस्टर नजर आ रहे हैं। इन पोस्टरों के जरिए बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। खास बात यह है कि इस अभियान का असर मुख्य रूप से उन इलाकों में दिखाई दे रहा है, जहां परंपरागत रूप से बीजेपी का मजबूत वोट बैंक माना जाता है।श्री राजपूत करणी सेना की ओर से निकाय चुनावों में बीजेपी के विरोध का ऐलान किए जाने के बाद विद्याधर नगर में इस मुद्दे ने जोर पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि स्वर्ण समाज के कुछ लोग कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन में UGC रोलबैक समेत अन्य मुद्दों को लेकर पोस्टर लगा रहे हैं।

कांग्रेस का दावा- बीजेपी से नाराज है कोर वोटर

कांग्रेस प्रत्याशियों का कहना है कि UGC रोलबैक, जेन-जी आंदोलन, राम मंदिर चंदा चोरी समेत कई मुद्दों को लेकर बीजेपी का पारंपरिक वोट बैंक अब उससे दूर हो रहा है।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीजेपी ने पिछले 12 वर्षों में जनता से किए गए कई वादों को पूरा नहीं किया। इसी वजह से अब बीजेपी के समर्थक वर्ग में नाराजगी बढ़ रही है और इसका फायदा कांग्रेस को चुनाव में मिल सकता है।विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 21 से कांग्रेस प्रत्याशी राकेश लाटा ने दावा किया कि इस बार बीजेपी का कोर वोट कांग्रेस के पक्ष में आएगा। उन्होंने कहा कि जयपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पहले से ज्यादा वार्ड जीतने में सफल होगी।

बीजेपी ने मुद्दे को बताया भ्रम फैलाने वाला

वहीं, बीजेपी प्रत्याशी इस पूरे मामले को अलग नजरिए से देख रहे हैं। वार्ड 21 से बीजेपी प्रत्याशी अजय सिंह चौहान ने कहा कि जनता को इस मुद्दे को गंभीरता से समझने की जरूरत है।उन्होंने UGC मामले पर कहा कि इस विषय में सुप्रीम कोर्ट की ओर से स्टे दिया गया है और अभी तक अंतिम निर्णय नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनावी लाभ के लिए इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

निकाय चुनाव में मुद्दों की लड़ाई

विद्याधर नगर जैसे बीजेपी के मजबूत क्षेत्र में UGC रोलबैक पोस्टरों का सामने आना चुनावी चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस इसे बीजेपी के वोट बैंक में सेंध के तौर पर पेश कर रही है, जबकि बीजेपी इसे विपक्ष की चुनावी रणनीति बता रही है।निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ अब बड़े राजनीतिक मुद्दे भी प्रभाव डालते नजर आ रहे हैं। पोस्टर अभियान के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और दोनों प्रमुख दल अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।अब देखना होगा कि विद्याधर नगर में उठे ये मुद्दे चुनावी नतीजों पर कितना असर डालते हैं और क्या बीजेपी अपने परंपरागत गढ़ को बचाने में सफल रहती है या कांग्रेस यहां सेंध लगाने में कामयाब होती है।

Share this story

Tags