गहलोत–शेखावत के बीच सियासी जुबानी जंग तेज: X पर तीखे आरोप-प्रत्यारोप, वीडियो में देंखे राजस्थान की राजनीति फिर गरमाई
राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच एक बार फिर सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाज़ी ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा तेज हो गई है।
विवाद की शुरुआत
विवाद की शुरुआत गजेंद्र सिंह शेखावत के एक बयान से हुई, जिसमें उन्होंने सचिन पायलट से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी की थी। इस पर अशोक गहलोत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत को “डरा हुआ आदमी” कहा था और यह भी कहा था कि उन्हें अपना मंत्री पद बचाने की चिंता करनी चाहिए।
गहलोत के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।
शेखावत का पलटवार
अब केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर गहलोत पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने लिखा कि वे वीर दुर्गादास राठौड़ की परंपरा के अनुयायी हैं और डर उनके खून में नहीं है। शेखावत ने कहा कि असल में गहलोत को अपने राजनीतिक भविष्य और “अप्रासंगिक हो जाने” का डर सता रहा है, इसलिए वे लगातार उन पर टिप्पणी करते रहते हैं।
‘राजनीति खत्म हो जाती’ वाला बयान
अपने पोस्ट में शेखावत ने यह भी दावा किया कि अगर वे राजनीति में सक्रिय नहीं होते, तो गहलोत की राजनीति पहले ही खत्म हो चुकी होती। इस बयान ने सियासी विवाद को और गहरा कर दिया है।
राजस्थान की राजनीति में बढ़ा तनाव
दोनों नेताओं के बीच यह जुबानी जंग कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार बयानबाज़ी का स्तर और तीखापन ज्यादा देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के व्यक्तिगत हमले आने वाले समय में राजस्थान की राजनीति को और अधिक तनावपूर्ण बना सकते हैं।

