राजस्थान निकाय चुनाव में सियासी हलचल तेज, वीडियो में देंखे भीलवाड़ा में CM का रोड शो, निर्दलीय प्रत्याशी गिरफ्तार; चौमूं में पूर्व विधायक का बयान चर्चा में
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा में रोड शो कर रहे हैं। वहीं अलवर नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषणा-पत्र जारी किया। दूसरी ओर भीलवाड़ा में निर्दलीय प्रत्याशी की गिरफ्तारी और चौमूं में भाजपा प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पूर्व विधायक के बयान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
भीलवाड़ा में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो
नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को भीलवाड़ा पहुंचे। यहां वे पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो कर रहे हैं। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी देखने को मिल रही है।निकाय चुनाव में भाजपा की ओर से जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के रोड शो को पार्टी के चुनावी अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अलवर में कांग्रेस ने जारी किया घोषणा-पत्र
अलवर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को अलवर नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा-पत्र जारी किया।घोषणा-पत्र के जरिए कांग्रेस ने स्थानीय निकाय से जुड़े मुद्दों और चुनावी प्राथमिकताओं को सामने रखा। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।
भीलवाड़ा में निर्दलीय प्रत्याशी गिरफ्तार
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर 26 से निर्दलीय प्रत्याशी सन्नी ओड़ को चित्तौड़गढ़ की सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, सन्नी को वर्ष 2023 में दर्ज जानलेवा हमले और मारपीट के एक मामले में पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि वह करीब दो साल से फरार चल रहा था।पुलिस को उसके भीलवाड़ा में चुनाव लड़ने की जानकारी मिली थी। इसके बाद चित्तौड़गढ़ पुलिस वहां पहुंची और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
चौमूं में पूर्व विधायक का बयान सुर्खियों में
चौमूं नगर परिषद चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। वार्ड नंबर 20 से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार बराला के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का बयान चर्चा में आ गया।कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि एक बार राजकुमार बराला को जिता दिया जाए तो लोगों के किसी भी काम में कमी नहीं आएगी।इसी दौरान उन्होंने स्थानीय लहजे में कहा- “आपका एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा।” पूर्व विधायक के इस बयान का वीडियो और चर्चा चुनावी माहौल में सुर्खियां बटोर रहा है।
कई मुद्दों पर आमने-सामने हैं भाजपा-कांग्रेस
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जोर लगा रही हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी नगर निगम चुनावों में सक्रिय हैं।इस बीच प्रत्याशी की गिरफ्तारी और नेताओं के बयानों ने चुनावी माहौल को और चर्चा में ला दिया है। अब चुनाव प्रचार के आगे बढ़ने के साथ स्थानीय मुद्दों, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला और तेज होने की संभावना है।

