नरेश मीणा के घर पहुंची पुलिस, पिता ने जताया विरोध; वीडियो में बोले- परिवार दहशत में है, 6 नवंबर को गिरफ्तारी देने की कही बात
बारां के नाहरगढ़ में वनकर्मियों के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस भगत सिंह सेना के प्रमुख नरेश मीणा की तलाश कर रही है। मंगलवार (3 नवंबर) सुबह पुलिस भारी बल के साथ नरेश मीणा के नया गांव स्थित घर पहुंची और तलाशी ली। अचानक पुलिस के घर पहुंचने पर उनके पिता कल्याण सिंह मीणा और अन्य परिजनों ने विरोध जताया। पिता ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि इस तरह अचानक सर्च करने से परिवार दहशत में है।
पुलिस की सर्च पर पिता ने जताई नाराजगी
मंगलवार सुबह पुलिस टीम नरेश मीणा के घर पहुंची तो वहां मौजूद परिजनों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए। नरेश मीणा के पिता कल्याण सिंह मीणा पुलिस अधिकारियों पर नाराज हो गए। उनका कहना था कि घर में बहन-बेटियां और बुजुर्ग रहते हैं। ऐसे में भारी पुलिस बल के साथ अचानक घर में प्रवेश करना उचित नहीं है।
इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत भी हुई। पिता ने कहा कि पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से परिवार के लोग डर और दहशत में हैं। इस पर एक पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि अपराध होने पर पुलिस अचानक भी पहुंचती है। घटना के दौरान हुई बहस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन पुलिस सर्च का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी थी गिरफ्तारी की चुनौती
इससे पहले सोमवार रात नरेश मीणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि वे गांव में ही मौजूद हैं और पुलिस चाहे तो उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। उनके इस बयान के बाद मंगलवार सुबह पुलिस उनके घर पहुंची।
6 नवंबर को गिरफ्तारी देने की बात कही
मंगलवार सुबह नरेश मीणा की ओर से सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट की गई। इसमें उन्होंने 6 नवंबर को गिरफ्तारी देने की बात कही है। हालांकि, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
वनकर्मियों से मारपीट के मामले में तलाश
नरेश मीणा पर बारां के नाहरगढ़ में वनकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप है। इसी मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मंगलवार को उनके घर पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई और परिजनों के विरोध का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

