‘पंचायत’ के सचिव जी जितेंद्र कुमार पहुंचे जयपुर, मंडावा में होगी ‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ की शूटिंग; 45 दिन राजस्थान में रहेंगे
वेब सीरीज ‘पंचायत’ में सचिव जी के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता जितेंद्र कुमार बुधवार सुबह मुंबई से जयपुर पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग से झुंझुनूं के मंडावा के लिए रवाना हो गए। जितेंद्र कुमार यहां अपनी आगामी फिल्म ‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ की शूटिंग के लिए आए हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर जितेंद्र कुमार बेहद सादे अंदाज में नजर आए। उन्होंने बिना किसी तामझाम के सामान्य लुक में एयरपोर्ट से बाहर निकलकर अपनी यात्रा शुरू की। हालांकि, उनके फैंस ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ तस्वीरें लेने की कोशिश की।
राजस्थान से खास रिश्ता
जितेंद्र कुमार का राजस्थान से भी खास जुड़ाव है। वह अलवर से ताल्लुक रखते हैं। राजस्थान में उनकी आगामी फिल्म की शूटिंग होने वाली है। मंडावा के एक डेजर्ट रिसॉर्ट में फिल्म का मुहूर्त शूट रखा गया है। इसके साथ ही राजस्थान में फिल्म के करीब 45 दिन लंबे शूटिंग शेड्यूल की शुरुआत होगी।
‘मिर्जापुर’ में भी नजर आए जितेंद्र
जितेंद्र कुमार को ‘पंचायत’ में अभिषेक त्रिपाठी उर्फ सचिव जी के किरदार से देशभर में पहचान मिली। इसके अलावा हाल में वह ‘मिर्जापुर’ में बबलू पंडित के किरदार में भी नजर आए हैं। अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
महवश के साथ नजर आएंगे जितेंद्र
‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ रोमांटिक कॉमेडी शैली की फिल्म है। इसमें जितेंद्र कुमार के साथ अभिनेत्री और रेडियो जॉकी महवश मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में जितेंद्र गुलाब और महवश नगमा का किरदार निभा रही हैं।
दो किरदारों की कहानी पर आधारित फिल्म
फिल्म की कहानी दो ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिनके रिश्ते और प्रेम को हल्के-फुल्के, हास्य और भावनात्मक अंदाज में पर्दे पर पेश किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग राजस्थान के अलग-अलग लोकेशन पर करीब 45 दिनों तक चलने की योजना है। मंडावा अपनी हवेलियों, ऐतिहासिक इमारतों और राजस्थानी परिवेश के लिए फिल्म निर्माताओं के बीच लोकप्रिय रहा है। ऐसे में फिल्म की कहानी के लिए यहां के लोकेशन का इस्तेमाल किया जाएगा। मुहूर्त शूट के बाद फिल्म की नियमित शूटिंग शुरू होगी।

