पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान जयपुर एयरपोर्ट पर स्पॉट, फुटेज में जाने रणथंभौर में करेंगे टाइगर सफारी
बॉलीवुड एक्ट्रेस पलक तिवारी और एक्टर इब्राहिम अली खान पटौदी गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। दोनों को एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया, जिसके बाद उनके रणथंभौर जाने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि पलक और इब्राहिम सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क में टाइगर सफारी का आनंद लेने पहुंचे हैं। दोनों के यहां करीब दो दिन रुकने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
जयपुर एयरपोर्ट पर दोनों की मौजूदगी ने वहां मौजूद लोगों और पैपराजी का ध्यान खींचा। एयरपोर्ट पर इब्राहिम अपने खास मजाकिया अंदाज में नजर आए। उनके हाथ में कॉफी का गिलास था। पैपराजी और वहां मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "आज मेरी कॉफी नहीं गिरेगी।"इब्राहिम का यह कमेंट हाल ही में वायरल हुए उस वीडियो से जुड़ा माना जा रहा है, जिसमें उनके हाथ से कॉफी गिर गई थी। इसी घटना को याद करते हुए उन्होंने इस बार अपने हाथ में कॉफी का गिलास लेकर मजाक किया। उनका यह अंदाज एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों को भी पसंद आया और वहां का माहौल हल्का-फुल्का हो गया।
पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान की एक साथ मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी। दोनों को पहले भी कई मौकों पर साथ देखा जा चुका है। हालांकि, रणथंभौर ट्रिप को लेकर दोनों की ओर से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि दोनों राजस्थान की खूबसूरत वादियों के बीच कुछ समय बिताने और जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे हैं।रणथंभौर देश के प्रमुख टाइगर रिजर्व में शामिल है और यहां बाघों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। बॉलीवुड सेलेब्स के बीच भी रणथंभौर और राजस्थान के अन्य पर्यटन स्थलों का आकर्षण लगातार देखने को मिलता है।
मिलिंद सोमन भी जयपुर एयरपोर्ट पर दिखे
इसी बीच जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेता, मॉडल और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन भी नजर आए। एयरपोर्ट पर एक फैन ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा जताई। इस पर मिलिंद ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा कि फोटो खिंचवाने से पहले 20 पुशअप लगाने पड़ेंगे।मिलिंद की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। अपनी फिटनेस के लिए मशहूर मिलिंद सोमन अक्सर सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में फिटनेस को लेकर लोगों को प्रेरित करते नजर आते हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर भी उनका यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

