राजस्थान रेल ब्लास्ट में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का कनेक्शन, फुटेज में देंखे महिला को प्रेमजाल में फंसाकर ट्रेन उड़ाने की थी साजिश
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए विस्फोट के मामले में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं। आरोप है कि पाकिस्तानी एजेंट ने आईएसआई के इशारे पर एक महिला को प्रेमजाल में फंसाया और मोटी रकम का लालच देकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराने की जिम्मेदारी सौंपी। साजिश का मकसद पूरी पैसेंजर ट्रेन को विस्फोट से उड़ाना था।एटीएस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि पाकिस्तानी एजेंट ने महिला को अपने प्रभाव में लेकर इस काम के लिए तैयार किया। महिला ने इसके बाद अपने प्रेमी को भी साजिश में शामिल कर लिया। दोनों को रेलवे ट्रैक पर आईईडी लगाने और विस्फोट करने का काम सौंपा गया था।
2 लाख 23 हजार रुपए दिए, वीडियो कॉल से दी ट्रेनिंग
एटीएस के अनुसार, पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों आरोपियों को इस काम के बदले कुल 2 लाख 23 हजार रुपए दिए थे। इसमें एक लाख रुपए नकद दिए गए, जबकि बाकी रकम ऑनलाइन माध्यम से भेजी गई थी। एजेंट ने दोनों आरोपियों को वीडियो कॉल के जरिए टाइम बम तैयार करने, उसे सेट करने और विस्फोट करने की ट्रेनिंग भी दी।जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने रामसिंहपुर और विजयनगर के बीच रेलवे ट्रैक पर दो टाइम बम लगाए थे। साजिश के तहत विस्फोट का समय इस तरह तय किया गया था कि ट्रेन उसकी चपेट में आ जाए। हालांकि, टाइमिंग में चूक हो गई और पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के करीब आधे घंटे बाद विस्फोट हुआ। इससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
पंजाब के गुरदासपुर से महिला और उसका साथी गिरफ्तार
इस मामले में एटीएस ने पंजाब के गुरदासपुर से महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी दोनों से पूछताछ कर रही है, ताकि साजिश से जुड़े अन्य लोगों और पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को रविवार को अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश की जांच जारी
एटीएस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों का पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क कैसे हुआ और उन्हें विस्फोटक सामग्री कहां से मिली। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी थीं। अब एटीएस के खुलासे के बाद इसे ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश के रूप में देखा जा रहा है। दोनों आरोपियों की रिमांड के दौरान पूछताछ में मामले से जुड़े और अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

