जैसलमेर में मिडिल ईस्ट की जंग के बीच एलपीजी संकट, 150 से अधिक रिसोर्ट बंद होने की कगार पर
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के चलते एलपीजी (LPG) संकट का असर राजस्थान में भी दिखाई दे रहा है। विशेष रूप से जैसलमेर में कमर्शियल सिलेंडरों की कमी ने पर्यटन उद्योग को प्रभावित किया है। होटल, रेस्टोरेंट और रिसोर्ट संचालकों का कहना है कि गैस आपूर्ति न होने के कारण अपने प्रतिष्ठान चलाना मुश्किल हो गया है। जिले में लगभग 150 से अधिक रिसोर्ट्स बंद होने की कगार पर हैं।
इस गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए आज शाम रिसोर्ट संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में बुकिंग कैंसिल करने और रिसोर्ट्स को पूरी तरह बंद करने जैसे कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।
संचालकों का कहना है कि एलपीजी संकट के कारण न केवल रोजमर्रा की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार भी संकट में पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप और आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि पर्यटन क्षेत्र और व्यवसाय सुरक्षित रह सकें।

