देशभर में बारिश का कहर: 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, वीडियो में जाने उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से केदारनाथ यात्रा प्रभावित
देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। कई राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सबसे ज्यादा असर उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है, जहां लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आई हैं। गुरुवार सुबह रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में पहाड़ दरकने से कई मार्ग प्रभावित हुए। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
लैंडस्लाइड से बंद हुआ केदारनाथ ट्रैक
लगातार बारिश के बीच गौरीकुंड के पास हुए लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ ट्रैकिंग रूट को एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों को फिलहाल रोक दिया है। मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है और रास्ता सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में बहने लगा युवक
हरिद्वार में भी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया है। इस दौरान गंगाजल भरने के लिए नदी किनारे पहुंचे एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज धारा में बहने लगा। घाट पर तैनात राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रुद्रप्रयाग हाईवे पर मलबा, कार पर गिरा बोल्डर
रुद्रप्रयाग जिले में सिल्ली के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। प्रशासन और मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया।वहीं, जिले में एक पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से सड़क किनारे खड़ी एक कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है, जबकि मौसम विभाग ने भी लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

