करोड़ों का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पकड़ा गया, फुटेज में देंखे 5 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने रविवार रात एक बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई प्रताप नगर इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में की गई, जहां से पुलिस ने 5 सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार को चला रहे थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सटोरियों के द्वारा किराए पर लिए गए बैंक खातों में प्रतिदिन लगभग 15 से 20 लाख रुपये का लेन-देन होता था। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाने का काम कर रहा था। सूचना मिलने के बाद सीएसटी टीम ने रविवार रात मुखबिर की मदद से फ्लैट पर छापा मारा। इस दौरान आरोपी इंडिया-आयरलैंड क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पकड़े गए।
पुलिस ने मौके से 13 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और 2 हिसाब-किताब के रजिस्टर बरामद किए हैं। लैपटॉप की जांच में करोड़ों रुपये के सट्टा लेन-देन का विस्तृत रिकॉर्ड भी मिला है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे की जांच जारी रहेगी।

