NEET UG 2026 पेपर लीक की आशंका, वीडियो में जाने राजस्थान SOG की बड़ी कार्रवाई में 13 संदिग्ध हिरासत में
देशभर में 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा का प्रश्न पत्र पहले ही लीक हो गया था। राजस्थान में कई छात्रों के पास हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर मिलने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है, जिसमें कई सवाल असली परीक्षा प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए हैं।सूत्रों के अनुसार, परीक्षा से पहले ही कुछ छात्रों तक प्रश्नों की जानकारी पहुंचने की बात सामने आई है। यह मामला उजागर होने के बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
इस मामले में 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने खुफिया इनपुट के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से कुल 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े एक करियर काउंसलर के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।जांच एजेंसियों का दावा है कि परीक्षा से जुड़े 720 अंकों के पेपर में से करीब 600 अंकों के प्रश्न परीक्षा से दो दिन पहले ही सीकर में कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे। यह खुलासा होने के बाद शिक्षा और परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह मामला किसी संगठित रैकेट से जुड़ा हो सकता है, जो परीक्षार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रश्न पत्र लीक कराने में शामिल था। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इस पूरे नेटवर्क की पूरी पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।राजस्थान SOG ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का स्रोत कहां से शुरू हुआ और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पेपर लीक की पुष्टि होती है, तो यह देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक पर गंभीर सवाल खड़ा करेगा। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।

