कोटा में हॉस्टल की खिड़की से गिरकर NEET छात्र की मौत, पिता से बोला था- मुझे नहीं पता कैसे गिरा
राजस्थान के कोटा में NEET की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र अमन मीणा की शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित पांच मंजिला हॉस्टल की सीढ़ियों में बनी खिड़की से वह करीब 40 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। हादसे के बाद अस्पताल में पिता ने घायल बेटे से बातचीत की थी। उस समय अमन ने उनसे कहा था, “पापा, मैं हॉस्टल से कैसे गिर गया, मुझे नहीं पता।”
दोस्त से मिलने हॉस्टल पहुंचा था अमन
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि अमन शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे जवाहर नगर थाना क्षेत्र के प्राइम टाइम रेजिडेंसी हॉस्टल पहुंचा था। वह वहां रहने वाले अपने दोस्त अभय से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि अमन दो-तीन महीने पहले तक इसी हॉस्टल में रहता था।
हॉस्टल की सीढ़ियों के पास बनी खिड़की से वह करीब 40 फीट नीचे गिर गया। हालांकि, वह किस मंजिल से और किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और वार्डन से पूछताछ कर रही है।
पिता से फोन पर हुई थी बातचीत
अस्पताल में घायल अमन की अपने पिता से बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था, "पापा, मैं हॉस्टल से कैसे गिर गया, मुझे नहीं पता।" बेटे की यह बात सुनकर पिता भी हैरान रह गए।
अमन के पिता पुष्पचंद ने बताया कि 25 नवंबर को उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी। उस समय अमन ने कहा था कि रविवार को कोटा आएं तो अपने साथ रजाई लेकर आएं। पिता के मुताबिक, अमन को थोड़ा-बहुत बिजली का काम भी आता था। उन्हें जानकारी मिली थी कि हॉस्टल में किसी ने उसे पानी की मोटर ठीक करने के लिए बुलाया था।
हादसा या कुछ और, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। हॉस्टल में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
अमन मूल रूप से कोटा जिले के इटावा क्षेत्र के दूधली गांव का रहने वाला था। वह करीब दो साल से कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। फिलहाल उसकी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।

