Samachar Nama
×

NEET पेपर लीक विरोध: जयपुर में हाईकोर्ट वकीलों का प्रदर्शन, छात्रों के समर्थन में पैदल मार्च; फुटेज में देंखे RU में भूख हड़ताल जारी

NEET पेपर लीक विरोध: जयपुर में हाईकोर्ट वकीलों का प्रदर्शन, छात्रों के समर्थन में पैदल मार्च; फुटेज में देंखे RU में भूख हड़ताल जारी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब जयपुर तक पहुंच गई है। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच में शुक्रवार को वकीलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। वहीं, राजस्थान यूनिवर्सिटी में भी छात्र नेता शुभम रेवाड़ के नेतृत्व में छात्रों की भूख हड़ताल जारी है। छात्रों के समर्थन में विधि विभाग कांग्रेस और राजस्थान हाईकोर्ट से जुड़े वकीलों ने पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया। यह मार्च हाईकोर्ट के गेट नंबर-3 से अंबेडकर सर्किल तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए।

'देश के भविष्य को पीटा जा रहा है'

प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने जंतर-मंतर की घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया।वकीलों ने कहा, "देश के भविष्य को पीटा जा रहा है। उनके कपड़े फाड़े जा रहे हैं और उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। यह हमारे देश के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। हम बच्चों के हित के लिए बैठे हैं।"उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

CJP और छात्रों के समर्थन में उठी आवाज

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे मुद्दों पर सरकार और संबंधित संस्थाओं को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।वकीलों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों की बातों को सुनने के लिए पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।

राजस्थान यूनिवर्सिटी में दूसरे दिन भी भूख हड़ताल

जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र नेता शुभम रेवाड़ के नेतृत्व में छात्रों की भूख हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। छात्र अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर शुरू किए गए इस आंदोलन में कई छात्र शामिल हो रहे हैं।छात्रों का कहना है कि NEET पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन को लेकर बढ़ी सियासत

NEET पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गर्म है। विपक्षी दल केंद्र सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कह रही है।जयपुर में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और प्रशासन छात्रों की मांगों को लेकर आगे क्या कदम उठाते हैं।

Share this story

Tags