Nagaur के नौसैनिक को मरणोपरांत सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से किया सम्मानित, डेढ़ साल बाद मिलेगा सम्मान
नागौर न्यूज़ डेस्क, डूबते बच्चे को बचाने में जान की बाजी लगाने वाले नौसैनिक रामावतार गोदारा को मरणोपरांत सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इसकी स्वीकृति दी थी। दो दिन पहले परिजनों को इसकी अधिकारिक जानकारी मिली है।
नागौर के 20 साल के नौसैनिक रामावतार गोदारा ने 10 साल के बच्चे को डूबने से बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी थी। बच्चे को डूबते देख वहां भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई। रामावतार बिना सोचे समझे तालाब में कूद गए, लेकिन वह न तो खुद को बचा सके और न बच्चे को।
घटना डेढ़ साल पहले 10 अगस्त 2020 की है। डीडवाना के पास नोजलों की ढाणी के रहने वाले भारतीय नौसेना में कार्यरत रामावतार गोदारा छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे। बस गांव से करीब 30 किलोमीटर आगे ही पहुंची थी कि उन्हें जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। इस पर उन्होंने बस रुकवाई। देखा तो एक बच्चा तालाब में डूब रहा था। मौके पर भारी भीड़ जमा थी। गोदारा ने आव देखा न ताव और तुरंत बच्चे को बचाने के लिए तालाब में कूद गए। इस दौरान गोदारा ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। अंत में उसे बचाते-बचाते वह खुद भी डूब गए।
रामवतार गोदारा द्वारा दिखाए गए इस अदम्य साहस और बहादुरी के लिए मरणोपरांत उन्हें केंद्र सरकार की ओर से सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक दिए जाने की घोषणा की है। इस पुरस्कार के तहत उनके परिजनों को पदक, गृह मंत्रालय द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण- पत्र और नकद राशि प्रदान की जाएगी।
रामवतार गोदारा की मां भंवरी देवी और पिता देवाराम गोदारा हैं। परिवार खेती करता है। बहन मंजू गोदारा सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही है और छोटा भाई दिलीप गोदारा फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा है। साल 2017 में गोदारा ने भारतीय नौ सेना में जॉइन किया था। उस समय उनकी उम्र करीब 17 साल की थी। बहन मंजू गोदारा ने बताया कि रामवतार गोदारा ने डूबते हुए बच्चे को बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। छोटी उम्र में नौसेना जॉइन करने के बाद परिवार को गर्व था। राष्ट्रपति ने अब उनके भाई को मरणोपरांत उसकी बहादुरी ओर दिलेरी के लिए सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक देने की घोषणा की है, उसको लेकर हमें खुशी है।
राजस्थान न्यूज़ डेस्क !!!