राजस्थान में मानसून की फिर एंट्री, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी; वीडियो में देंखे कई इलाकों में झमाझम बारिश
राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है और गुरुवार से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को कोटा और उदयपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बाड़मेर, पाली, जालोर और सिरोही को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं के अलावा कोटा, बारां और बूंदी के कई क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश श्रीगंगानगर में दर्ज की गई, जहां 3 इंच से अधिक पानी बरसा, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। वहीं, कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बारिश के इस दौर के बीच राहत और परेशानी दोनों ही देखने को मिल रही हैं। जहां एक तरफ तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ कई जगहों पर तेज हवाओं और पानी भराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।हालांकि, बारिश से पहले दो दिनों तक मौसम में थोड़ी राहत के बाद तापमान एक बार फिर बढ़ गया था। कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे उमस और गर्मी बढ़ गई थी। लेकिन ताजा बारिश के बाद मौसम में ठंडक का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव मानसून की सक्रियता और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण हो रहा है। ऐसे में किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है, खासकर खरीफ फसलों की बुवाई के लिए।फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और आंधी-बारिश के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें। आने वाले दिनों में मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

