राजस्थान में सरकारी डॉक्टर की आड़ में चल रही थी MD ड्रग्स फैक्ट्री, फुटेज में देंखे यूट्यूब से सीखी बनाने की प्रक्रिया; 3 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के बालोतरा जिले के मिठौड़ा गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने एक सरकारी डॉक्टर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 3.764 किलो कच्ची एमडी, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, 3.41 लाख रुपए नकद, मशीनरी और एक कार जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क को डॉक्टरी पेशे की आड़ में संचालित किया जा रहा था।
यूट्यूब वीडियो देखकर घर में लगाई फैक्ट्री
पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी सुरेश कुमार विश्नोई मिठौड़ा गांव का निवासी है। उसने कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन सरकारी नौकरी नहीं मिली। इसके बाद वह बेंगलुरु चला गया, जहां दवा सप्लाई से जुड़े काम में लगा। बताया गया कि इस काम से पर्याप्त कमाई नहीं होने पर वह गांव लौट आया और एमडी ड्रग्स बनाने का फैसला किया।आरोप है कि सुरेश ने यूट्यूब वीडियो देखकर एमडी ड्रग्स बनाने की प्रक्रिया सीखी और अपने घर में ही फैक्ट्री स्थापित कर ली। इसके बाद वह कथित तौर पर तैयार ड्रग्स की सप्लाई करने लगा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इससे जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
सरकारी डॉक्टर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के अनुसार, सुरेश कुमार विश्नोई के साथ जालोर जिला अस्पताल में तैनात सरकारी डॉक्टर मुकेश विश्नोई और उत्कर्ष के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि तैयार ड्रग्स की बालोतरा, जालोर और आसपास के इलाकों में सप्लाई की जाती थी।हालांकि, आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क के संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की पड़ताल की जा रही है।
सूचना मिलने पर ANTF ने दी दबिश
आईजी विकास कुमार के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि मिठौड़ा निवासी सुरेश कुमार विश्नोई अपने घर के पास एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री चला रहा है। सूचना के आधार पर ANTF ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उसके घर पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान घर के बाहर बने छप्पर में बैठे तीन युवकों को पकड़ा गया। इसके बाद मौके की तलाशी ली गई, जिसमें कथित ड्रग्स निर्माण से जुड़ी सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ।
ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सामग्री में 3.764 किलो कच्ची एमडी, केमिकल, 3.41 लाख रुपए नकद, मशीनरी और एक कार शामिल हैं। पुलिस अब बरामद सामग्री की जांच करने के साथ ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि ड्रग्स कहां तैयार की जा रही थी, किन इलाकों में इसकी सप्लाई होती थी और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। सरकारी डॉक्टर की कथित भूमिका सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क से जुड़ी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

