जयपुर के होटल में युवती के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध हालत में मौत: वीडियो में जाने बेड पर मिला शव, नाक से निकल रहा था खून; ओवरडोज की आशंका
जयपुर में दिल्ली रोड स्थित एक होटल में युवती के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव शुक्रवार को कमरे के बेड पर पड़ा मिला। उसके साथ कमरे में ठहरी युवती ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।घटना आमेर-कुंडा स्थित होटल मून महल की है। मृतक की पहचान नांगल सुसावतान निवासी रवि मीणा के रूप में हुई है। वह विराट नगर निवासी एक युवती के साथ होटल में कमरा लेकर ठहरा हुआ था।
कमरे में बेड पर मिला युवक का शव
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे युवती ने कमरे में रवि को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत की जानकारी मिलने पर आमेर थाना पुलिस होटल पहुंची।पुलिस को रवि का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उसके नाक से खून निकल रहा था। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए।
चोरी के आरोप में जेल में बंद रह चुका था रवि
आमेर थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रवि मीणा चोरी के आरोप में जेल में बंद था और हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था। वह होटल में एक युवती के साथ ठहरा हुआ था। शुक्रवार को कमरे में उसकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आमेर सैटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
ओवरडोज से मौत होने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज से रवि की मौत होने का अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।एफएसएल टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले कमरे में क्या हुआ था।फिलहाल आमेर थाना पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

