Samachar Nama
×

जयपुर में मंदिरों में चोरी करने वाला 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: फुटेज में जाने 10 महीने से महाराष्ट्र में छिपा था, दीपावली पर गांव आते ही पुलिस ने दबोचा

जयपुर में मंदिरों में चोरी करने वाला 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: फुटेज में जाने 10 महीने से महाराष्ट्र में छिपा था, दीपावली पर गांव आते ही पुलिस ने दबोचा

 

जयपुर में मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पवन मीणा पिछले करीब 10 महीने से फरार चल रहा था। उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। साथियों की गिरफ्तारी के बाद पवन अपना मोबाइल फोन बंद कर महाराष्ट्र में छिपकर रह रहा था। दीपावली पर गांव आने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए खोरा बीसल थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी और लूट के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।

साथियों की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र भागा

पुलिस के अनुसार, मंदिरों में चोरी की वारदातों के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। इस दौरान गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन पवन मीणा फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और महाराष्ट्र में जाकर छिप गया।करीब 10 महीने से उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दीपावली पर अपने गांव आने वाला है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने निगरानी और घेराबंदी की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

8 फरवरी को मंदिर से चांदी के छत्र-मुकुट सहित सामान चोरी

पुलिस के मुताबिक, 8 फरवरी 2026 को खोरा बीसल थाना क्षेत्र के मनशारामपुरा स्थित ग्वाला बाबा सेवा समिति के मंदिर में चोरी हुई थी। मंदिर समिति के अध्यक्ष रामूलाल शर्मा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चार चोर मंदिर परिसर में घुसे। बदमाशों ने मंदिरों और मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वे मंदिर से छत्र, मुकुट, सिंहासन, कटोरी, सीतामाता की नाक की नथ, छत का पंखा और शिव मंदिर का दानपात्र चोरी कर ले गए थे।

दो रात में आधा दर्जन से ज्यादा मंदिरों को बनाया निशाना

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि उसी रात खोरा बीसल, बिंदायका और हरमाड़ा थाना क्षेत्रों के अन्य मंदिरों में भी चोरी की वारदात हुई थी।इसके बाद गिरोह ने दूसरी रात कालाडेरा और गोविंदगढ़ क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाया। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने लगातार दो रात में आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की थी।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी किए गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। उसके खिलाफ पहले से दर्ज करीब डेढ़ दर्जन मामलों को देखते हुए पुलिस अन्य घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

Share this story

Tags