अहमदाबाद में प्लेन क्रैश का आंखो देखा हाल, उड़ान भरते ही नीचे आता चला गया विमान

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान AI 171 का लाइव वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में विमान को उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान 825 फीट की ऊंचाई से गिरा और आग के गोले में बदल गया। फिलहाल आग बुझाने का काम चल रहा है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। इस विमान में 242 यात्री सवार थे, जिनमें कई वीवीआईपी भी शामिल थे। इस दुर्घटना में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
केंद्रीय मंत्री अहमदाबाद पहुंचे
विजयवाड़ा में मौजूद नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरंत अहमदाबाद पहुंचे। वे डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता प्रदान की जा सके।
पीएम मोदी ने ली जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री ने जताया दुख गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्विटर पर लिखा, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को उपचार के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने और अस्पतालों में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।'