राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग CJ के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे कोर्ट रूम के बाहर नारेबाजी; सुनवाई का बहिष्कार
जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश यानी एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के खिलाफ सोमवार को वकीलों के एक समूह ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट रूम के बाहर जमकर नारेबाजी की। विरोध के चलते बड़ी संख्या में वकील उनकी कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश नहीं हुए और कोर्ट का बहिष्कार किया।
कोर्ट रूम के बाहर वकीलों ने की नारेबाजी
सोमवार को कुछ वकील राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अदालत के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने एक्टिंग CJ की कार्यशैली को लेकर विरोध जताते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने अपनी विभिन्न मांगों और आपत्तियों को लेकर आवाज उठाई।विरोध प्रदर्शन के कारण कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अदालत में चल रही सुनवाई प्रभावित हुई। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के पेश नहीं होने के कारण कई मामलों की सुनवाई में भी व्यवधान की स्थिति बनी।हालांकि, सोमवार के इस प्रर्शन को राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आधिकारिक समर्थन नहीं दिया गया। इसके बावजूद वकीलों के एक समूह ने व्यक्तिगत स्तर पर प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
जस्टिस संदीप मेहता के पत्रों के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, पूरा विवाद सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद शुरू हुआ। इन पत्रों में जस्टिस मेहता ने राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए थे।रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस मेहता ने अपने पत्र में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को राजस्थान से हटाने की मांग भी की थी। पत्र सामने आने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायिक और वकील समुदाय में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई।
वकीलों के बीच लगातार चल रही बातचीत
जस्टिस संदीप मेहता के पत्रों के बाद अब वकीलों के एक वर्ग ने भी एक्टिंग CJ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि सोमवार को हुए प्रदर्शन को जयपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आधिकारिक समर्थन नहीं मिला।वहीं, इस पूरे मामले को लेकर जोधपुर हाईकोर्ट बार और जयपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के बीच पिछले कई दिनों से बातचीत चल रही है। दोनों बार एसोसिएशन इस मुद्दे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर रही हैं।
आगे बढ़ सकता है विरोध
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों के प्रदर्शन ने हाईकोर्ट में प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आने वाले दिनों में बार एसोसिएशन इस मामले में कोई औपचारिक फैसला लेगी या नहीं।सोमवार को हुए प्रदर्शन के बाद अब सभी की नजर वकील संगठनों की आगामी बैठक और उनके अगले कदम पर है। यदि विरोध को व्यापक समर्थन मिलता है, तो हाईकोर्ट की कार्यवाही और प्रशासनिक व्यवस्था पर इसका असर पड़ सकता है।

