जयपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर 20 मिनट में लाखों की चोरी, वीडियो में जाने सोने-चांदी के गहने और 30 हजार रुपए ले गया बदमाश
जयपुर के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी कर ली। दीपावली पर परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदारों से मिलने नोएडा गए हुए थे। इसी दौरान बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और करीब 20 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश की गतिविधियां कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।मामला मालवीय नगर के डी ब्लॉक का है। जवाहर सर्किल थाने के एएसआई मुरारी लाल ने बताया कि मकान मालिक निमिष चतुर्वेदी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, निमिष नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करते हैं और उनका परिवार भी वहीं रहता है।
2 नवंबर को परिवार गया था नोएडा
निमिष चतुर्वेदी ने पुलिस को बताया कि दीपावली के चलते परिवार के सभी सदस्य 2 नवंबर को नोएडा चले गए थे। घर बंद होने के कारण पीछे से बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया। आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गया।परिवार को चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब वे 12 नवंबर को नोएडा से वापस जयपुर लौटे। घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे गहने व नकदी गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने जवाहर सर्किल थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सोने के 5 जोड़ी टॉप्स और 4 अंगूठियां चोरी
निमिष चतुर्वेदी की शिकायत के अनुसार, चोर अलमारी में रखे सोने के पांच जोड़ी कान के टॉप्स, चार अंगूठियां, सोने की तुलसी माला, सोने का हुक और एक सोने का पेंडल ले गया। इसके अलावा चांदी की आठ जोड़ी पायजेब, चांदी की रिंग, चांदी के गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और चांदी के 10 सिक्के भी चोरी हुए हैं।बदमाश घर में रखे 30 हजार रुपए नकद भी ले गया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश
वारदात के बाद पुलिस ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसमें एक बदमाश घर में घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसका पता लगाने में जुटी है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाश ने घर में प्रवेश करने के लिए ताला तोड़ा और कम समय में वारदात को अंजाम दिया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

