Samachar Nama
×

झुंझुनूं निकाय चुनाव: मतदान के दौरान हंगामा, वीडियो में देंखे BLO पर लगे आरोप; EVM खराबी के बाद बदली गईं मशीनें

झुंझुनूं निकाय चुनाव: मतदान के दौरान हंगामा, वीडियो में देंखे BLO पर लगे आरोप; EVM खराबी के बाद बदली गईं मशीनें

राजस्थान के झुंझुनूं नगर परिषद सहित जिले की 9 नगरीय निकायों में मतदान जारी है। मतदान के दौरान कई जगहों पर विवाद, शिकायतें और तकनीकी परेशानियां सामने आईं। कहीं BLO पर मतदान प्रभावित करने के आरोप लगे तो कहीं फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हुआ। वहीं, कुछ मतदान केंद्रों पर EVM में खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ, जिसे बाद में मशीन बदलकर दोबारा शुरू कराया गया।

वार्ड 18 में BLO पर मतदान प्रभावित करने का आरोप

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड नंबर 18 के बूथ नंबर 24 पर एक BLO पर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया।निर्दलीय प्रत्याशी सहीराम बराला ने इस मामले की शिकायत निर्वाचन अधिकारियों से की। शिकायत के बाद निर्वाचन टीम ने BLO का मोबाइल जब्त कर लिया और उसे बूथ से हटा दिया।RO रामकरण सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि BLO कुछ प्रत्याशियों के साथ मिलकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। साथ ही एक पार्टी प्रत्याशी का फोन अटेंड करने का भी आरोप लगाया गया।

निर्वाचन अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वार्ड-2 में फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा

झुंझुनूं के वार्ड नंबर 2 स्थित नोबल पब्लिक स्कूल बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हो गया।मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गलत तरीके से मतदान करने पहुंचे थे। विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में ले लिया।पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।

दूसरे वार्ड का एजेंट मिलने पर कार्रवाई

वहीं, वार्ड नंबर 11 में मतदान केंद्र पर दूसरे वार्ड का एजेंट मिलने का मामला सामने आया। जानकारी मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति को बूथ से बाहर कर दिया गया।निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए मौके पर कार्रवाई की।

कई बूथों पर EVM में आई तकनीकी खराबी

मतदान के दौरान झुंझुनूं के कई मतदान केंद्रों पर EVM में तकनीकी समस्या भी सामने आई।जानकारी के अनुसार, झुंझुनूं के वार्ड नंबर 53, 19 और 31 के बूथ नंबर 45 तथा बगड़ के बूथ नंबर 9 और 17 पर EVM में खराबी आई।तकनीकी समस्या के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। इसके बाद निर्वाचन टीम ने खराब मशीनों को बदल दिया और नई EVM लगाकर मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू कराई।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी

निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।झुंझुनूं सहित जिले की 9 नगरीय निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। चुनाव परिणाम के बाद ही साफ होगा कि जनता ने किस प्रत्याशी और दल पर भरोसा जताया है।

Share this story

Tags