Samachar Nama
×

जयपुर में 37 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, दिल्ली के द्वारका से आरोपी गिरफ्तार; 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग

जयपुर में 37 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, दिल्ली के द्वारका से आरोपी गिरफ्तार; 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग

राजस्थान की राजधानी जयपुर के वैशाली नगर स्थित ज्वेलरी शोरूम में हुई करीब 37 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दिनदहाड़े चाकू की नोक पर आभूषण लूटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान 32 वर्षीय दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है। वह जयपुर में कालवाड़ रोड स्थित देवी नगर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई ज्यादातर ज्वेलरी बरामद कर ली है।

यह वारदात 10 नवंबर को वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वैल्स शोरूम में हुई थी। सुबह के समय शोरूम में एक महिला कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड मौजूद थे। इसी दौरान चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगाए एक युवक शोरूम में दाखिल हुआ। उसने अचानक चाकू निकालकर महिला कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गया।

7 हार और 31 अंगूठियां लेकर भागा था आरोपी

वारदात के बाद जब शोरूम के कर्मचारियों ने आभूषणों का मिलान किया तो सात गले के हार और 31 अंगूठियां गायब मिलीं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई। शोरूम कर्मचारी की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान और तलाश के लिए शोरूम तथा आसपास के रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

लूट का माल बेचने दिल्ली पहुंचा था आरोपी

पुलिस को जानकारी मिली कि दिग्विजय सिंह लूटे गए आभूषण बेचने के इरादे से दिल्ली पहुंचा है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और द्वारका इलाके से उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई ज्यादातर ज्वेलरी बरामद की है। शेष आभूषणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

45 लाख रुपये के कर्ज की बात आई सामने

पुलिस पूछताछ में आरोपी की आर्थिक स्थिति को लेकर भी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दिग्विजय ने आगे की पढ़ाई के लिए करीब 30 लाख रुपये का शिक्षा ऋण लिया था। इसके अलावा उस पर लगभग 15 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण और दोस्तों का उधार भी था। नौकरी छूटने के बाद वह पिछले कुछ महीनों से बेरोजगार था। पुलिस के मुताबिक, कर्ज चुकाने के दबाव में उसने शोरूम में लूट की योजना बनाई।आरोपी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर चुका है और पहले कॉरपोरेट क्षेत्र में भी काम कर चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि उसने वारदात की योजना कैसे बनाई और लूटे गए आभूषणों को कहां बेचने की तैयारी थी।इस कार्रवाई के बाद जयपुर पुलिस ने शोरूम लूट की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस की जांच में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम साबित हुई।

Share this story

Tags