जयपुर में जैस्मीन सैंडलास की आवाज का जादू, वीडियो में देंखे ‘केसरिया बालम’ गाकर जीता दिल; बेटी की परफॉर्मेंस देख झूम उठीं मां
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की ‘गुलाबी क्वीन’ के नाम से मशहूर सिंगर जैस्मीन सैंडलास ने जयपुर में अपनी दमदार लाइव परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में शनिवार को आयोजित कॉन्सर्ट में जैस्मीन ने अपने लोकप्रिय गानों से ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक देर तक संगीत की धुनों पर थिरकते रहे। इस दौरान सिंगर ने अपने हिट पंजाबी गानों के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति से जुड़ाव भी दिखाया।जैस्मीन सैंडलास ने कॉन्सर्ट में ‘यार ना मिले’, ‘इश्क दा सूटा’, ‘रात जश्न दी’, ‘बंब जट्ट’, ‘मीठी मीठी’, ‘तरस’, ‘धुरंधर’ टाइटल ट्रैक और ‘शरारत’ जैसे लोकप्रिय गाने पेश किए। उनके गानों पर दर्शकों ने जमकर डांस किया और तालियां बजाकर सिंगर का उत्साह बढ़ाया। जैस्मीन की आवाज, एनर्जी और स्टेज प्रेजेंस ने पूरे कार्यक्रम में दर्शकों को बांधे रखा।
‘केसरिया बालम’ गाकर राजस्थान से जुड़ाव दिखाया
कॉन्सर्ट का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब जैस्मीन सैंडलास ने राजस्थान के पारंपरिक लोकगीत ‘केसरिया बालम’ को अपने अंदाज में प्रस्तुत किया। पंजाबी गानों के लिए मशहूर सिंगर को राजस्थानी लोकगीत गाते देख दर्शक उत्साहित हो गए। उनकी इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति का रंग भर दिया।जैस्मीन ने अपने पहनावे से भी राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान दिया। वह पारंपरिक अंदाज वाली बंधेज ड्रेस में नजर आईं। उनके लुक और स्टेज पर आत्मविश्वास से भरी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। पंजाबी संगीत और राजस्थानी लोक परंपरा का यह मेल कॉन्सर्ट के यादगार पलों में शामिल रहा।
बेटी को मंच पर देख झूम उठीं मां
कार्यक्रम का सबसे भावुक और दिलचस्प पल तब आया, जब ऑडियंस में मौजूद जैस्मीन सैंडलास की मां अपनी बेटी को मंच पर परफॉर्म करते देख खुद को थिरकने से नहीं रोक सकीं। बेटी की प्रस्तुति के दौरान मां का झूमना दर्शकों के लिए भी खास पल बन गया। संगीत और परिवार के इस खूबसूरत जुड़ाव ने कार्यक्रम के माहौल को और खास बना दिया।
जैस्मीन सैंडलास अपनी अलग गायकी, दमदार आवाज और ऊर्जावान परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। उनके गानों में पंजाबी संगीत का जोश और आधुनिक संगीत का अंदाज देखने को मिलता है। यही वजह है कि उनके लाइव कॉन्सर्ट में युवाओं के बीच खास उत्साह रहता है।जयपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में जैस्मीन ने अपने हिट गानों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं ‘केसरिया बालम’ की प्रस्तुति और बंधेज ड्रेस के जरिए राजस्थान की संस्कृति से जुड़ाव भी दिखाया। उनकी मां का बेटी की परफॉर्मेंस पर झूमना इस संगीतमय शाम का यादगार दृश्य बन गया।

