शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर जयपुर के युवक से 1.47 लाख की ठगी, वीडियो में जाने इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत
जयपुर में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। खोह नागोरियान थाना इलाके में साइबर ठगों ने एक युवक को इंस्टाग्राम के जरिए अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने पहले शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर युवक से 10 हजार रुपए जमा करवाए। इसके बाद कथित मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजकर उसे भरोसा दिलाया कि निवेश से अच्छी कमाई हो रही है।आरोपियों ने युवक को 99 हजार 328 रुपए के कथित मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजा। मुनाफे की रकम देखकर पीड़ित को विश्वास हो गया कि निवेश से फायदा हो रहा है। इसके बाद जब युवक ने मुनाफे की रकम निकालने की बात कही तो आरोपियों ने अलग-अलग तरह के चार्ज और फीस का हवाला देना शुरू कर दिया।
मुनाफा निकालने के नाम पर बार-बार मांगे रुपए
साइबर ठगों ने पीड़ित को बताया कि मुनाफे की रकम उसके खाते में ट्रांसफर करने के लिए अलग-अलग शुल्क जमा करना होगा। आरोपियों के झांसे में आकर युवक ने उनके बताए अनुसार रकम भेजनी शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, इस तरह आरोपियों ने पीड़ित से कुल 1 लाख 47 हजार 498 रुपए की रकम वसूल ली। इसके बावजूद कथित मुनाफे की रकम उसे नहीं मिली। जब युवक को ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की।
इंस्टाग्राम पर हुई थी ठगों से बातचीत
पुलिस के अनुसार करोल घाटी, इंदिरा गांधी नगर सेक्टर-3, खातीपुरा निवासी रामजी लाल महावर ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक पीड़ित की आरोपियों से इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। आरोपियों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
पहले पीड़ित से 10 हजार रुपए निवेश करवाए गए। इसके बाद 99 हजार 328 रुपए के मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजकर उसे विश्वास में लिया गया। इसके बाद रकम निकालने के नाम पर अलग-अलग चार्ज बताए गए और लगातार पैसे जमा करवाए गए।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगी के ऐसे मामलों में पुलिस लोगों को सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश संबंधी ऑफर से सावधान रहने की सलाह देती है। किसी अनजान व्यक्ति या ऑनलाइन ग्रुप के कहने पर निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और संबंधित निवेश प्लेटफॉर्म की जांच करना जरूरी है।

