जयपुर निकाय चुनाव: 690 वार्डों के लिए 4238 उम्मीदवार मैदान में, वीडियो में जाने आखिरी दिन 3549 ने भरे नामांकन
जयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार 31 अगस्त को आखिरी दिन था। अंतिम दिन उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में चुनाव लड़ने के लिए कुल 4238 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इन उम्मीदवारों ने कुल 4884 नामांकन पत्र जमा किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया तीन दिन तक चली। पहले दिन 27 अगस्त को 39 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इन उम्मीदवारों की ओर से कुल 48 नामांकन पत्र जमा किए गए। इसके बाद दूसरे दिन 29 अगस्त को नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। इस दिन 650 उम्मीदवारों ने 737 नामांकन पत्र दाखिल किए।हालांकि नामांकन के अंतिम दिन सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। 31 अगस्त को कुल 3549 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए नामांकन दाखिल किया। अंतिम दिन उम्मीदवारों ने कुल 4099 नामांकन पत्र जमा किए। इस तरह तीनों दिनों में 4238 उम्मीदवारों ने 4884 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
जयपुर नगर निगम में 1253 उम्मीदवार मैदान में
जयपुर नगर निगम चुनाव की बात करें तो यहां 150 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 1253 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इन उम्मीदवारों ने कुल 1392 नामांकन पत्र जमा किए हैं। निगम क्षेत्र में भी नामांकन के अंतिम दिन सबसे ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए।अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन विभाग की ओर से दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान उम्मीदवारों की ओर से जमा दस्तावेजों, प्रस्तावकों और अन्य जरूरी औपचारिकताओं का सत्यापन होगा। किसी उम्मीदवार का नामांकन नियमों या दस्तावेजों में कमी के कारण खारिज भी हो सकता है। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर चुनाव मैदान में मौजूद वास्तविक उम्मीदवारों की तस्वीर साफ होगी।
अंतिम दिन उमड़ी उम्मीदवारों की भीड़
नामांकन के अंतिम दिन जयपुर जिले के अलग-अलग नगरीय निकायों में उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी पर्चे दाखिल किए हैं। इससे आने वाले दिनों में कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय होने के आसार हैं।अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद यह स्पष्ट होगा कि कितने उम्मीदवार वास्तव में चुनाव मैदान में रहेंगे। इसके बाद राजनीक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान को तेज करेंगे। जयपुर जिले के 690 वार्डों में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के उतरने से स्थानीय निकाय चुनाव में मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।

