दुनिया की टॉप 20 बेस्ट सिटीज में जयपुर और उदयपुर का जलवा, वीडियो में देंखे ग्लोबल रैंकिंग में लेक सिटी को मिला 12वां स्थान
राजस्थान के पर्यटन शहरों ने एक बार फिर दुनिया के नक्शे पर अपनी खास पहचान बनाई है। प्रतिष्ठित पर्यटन पत्रिका Travel + Leisure ने World’s Best Awards 2026 की रैंकिंग जारी की है, जिसमें राजस्थान के उदयपुर और जयपुर को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों की सूची में जगह मिली है। इस रैंकिंग में उदयपुर ने जयपुर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के टॉप शहरों में 12वां स्थान हासिल किया है, जबकि गुलाबी नगरी जयपुर 16वें नंबर पर रही। दोनों शहरों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों (World’s Best Cities) और एशिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों (Best Cities in Asia) की सूची में शामिल किया गया है।
उदयपुर ने बनाई टॉप-15 में जगह
झीलों की नगरी उदयपुर ने पहली बार इस सूची में शानदार एंट्री की है। Travel + Leisure की वर्ल्ड बेस्ट सिटीज रैंकिंग में उदयपुर को 12वां स्थान मिला है। वहीं एशिया की टॉप 10 बेस्ट सिटीज की सूची में उदयपुर 8वें स्थान पर रहा।उदयपुर की खूबसूरत झीलें, ऐतिहासिक महल, राजस्थानी संस्कृति और शाही विरासत इसे देश-विदेश के पर्यटकों के बीच खास बनाती हैं। यही वजह है कि विदेशी पर्यटक भी इसे दुनिया के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में गिनते हैं।
जयपुर की रैंकिंग में गिरावट
वहीं, राजस्थान की राजधानी जयपुर भी दुनिया के पसंदीदा शहरों की सूची में शामिल रहा। हालांकि इस बार जयपुर की रैंकिंग में गिरावट आई है। पिछले साल जहां जयपुर 5वें स्थान पर था, वहीं इस बार यह फिसलकर 16वें स्थान पर पहुंच गया।एशिया की टॉप 10 बेस्ट सिटीज की सूची में जयपुर ने अपनी जगह बरकरार रखी है और उसे 10वां स्थान मिला है। जयपुर की पहचान उसके ऐतिहासिक किलों, हवेलियों, बाजारों और समृद्ध राजस्थानी संस्कृति के कारण पूरी दुनिया में है।
दुनिया का नंबर-1 शहर बना सैन मिगुएल डी एलेंडे
Travel + Leisure की ग्लोबल रैंकिंग में मैक्सिको के सैन मिगुएल डी एलेंडे ने पहला स्थान हासिल किया है। इसे दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर चुना गया है।वहीं, एशिया की टॉप 10 बेस्ट सिटीज की सूची में जापान के क्योटो ने नंबर-1 स्थान हासिल किया है। क्योटो अपनी प्राचीन संस्कृति, मंदिरों और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है।
राजस्थान पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि
जयपुर और उदयपुर का इस अंतरराष्ट्रीय सूची में शामिल होना राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। दोनों शहरों की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और संस्कृति दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करती है।राजस्थान सरकार और पर्यटन विभाग लंबे समय से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मान से प्रदेश की पर्यटन पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।दुनिया की प्रतिष्ठित पर्यटन रैंकिंग में राजस्थान के दो शहरों का शामिल होना यह साबित करता है कि जयपुर और उदयपुर आज भी वैश्विक यात्रियों की पसंदीदा जगहों में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं।

