कोटा में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी, बाइक सवार दो बदमाश एलईडी टीवी और 22 हजार रुपए ले गए; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कोटा के उद्योगनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बनाया। बाइक पर आए दो बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर एलईडी टीवी तथा 22 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। दोनों बदमाशों की यह करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मकान मालिक की शिकायत पर उद्योगनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात 15 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे रायपुरा स्थित गोवर्धन धाम कॉलोनी के राजनगर में हुई। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश बाइक पर सवार होकर मकान के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनमें से एक बदमाश ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल होता है। दोनों बदमाश कुछ देर बाद चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।
कलेक्शन के काम से इटावा गया था मकान मालिक
मकान मालिक नंदलाल गुर्जर ने बताया कि वह एक निजी बैंक में कलेक्शन का काम करते हैं। 15 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह कलेक्शन के सिलसिले में कोटा ग्रामीण के इटावा गए हुए थे। उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था।
दीपावली की छुट्टियों के चलते उनके छोटे भाई-बहन भी गांव गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर में रखी एलईडी टीवी व 22 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए।
रात 10 बजे घर पहुंचने पर चला चोरी का पता
नंदलाल ने बताया कि वह 15 नवंबर की रात करीब 10 बजे घर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ देखकर उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दो बदमाश बाइक से आते और घर में घुसकर चोरी करते दिखाई दिए।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित ने उद्योगनगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस को चोरी की घटना और बदमाशों के बारे में जानकारी दी गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने नंदलाल गुर्जर की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश करने की कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

