Samachar Nama
×

जयपुर में 'भक्त' बनकर करते थे चोरी, मंदिर में पहले पूजा, वीडियो में देंखे फिर CCTV घुमाकर चुराते थे सामान, पति-पत्नी गिरफ्तार

जयपुर में 'भक्त' बनकर करते थे चोरी, मंदिर में पहले पूजा, वीडियो में देंखे फिर CCTV घुमाकर चुराते थे सामान, पति-पत्नी गिरफ्तार

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंदिरों में दर्शन और पूजा के बहाने चोरी करने वाले एक शातिर पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों का तरीका बेहद चौंकाने वाला था। दोनों पहले मंदिर में श्रद्धालु बनकर पूजा-अर्चना करते, फिर मौका मिलते ही सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल देते और मंदिर का सामान चोरी कर लेते। वारदात के बाद भगवान के सामने दोबारा माथा टेककर वहां से निकल जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

चांदी की लुटिया चोरी से खुला मामला

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि महावीर नगर स्थित श्रीराम मंदिर के परिवादी सुरेश बंसल ने 23 जुलाई को मंदिर से चांदी की लुटिया चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। 1 अगस्त की रात करीब 8 बजे जेएलएन मार्ग के पास से मुख्य आरोपी हर्ष सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी पत्नी निशिता कंवर को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूजा के बहाने करते थे रैकी

बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन मीणा के अनुसार, आरोपी हर्ष सिंह और उसकी पत्नी निशिता कंवर मूल रूप से भांकरोटा स्थित लक्ष्मी विहार कॉलोनी के निवासी हैं और वर्तमान में गोपालपुरा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।प्रारंभिक पूछताछ में हर्ष सिंह ने बेरोजगारी के कारण चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, दोनों पहले मंदिरों की सुबह और शाम के समय रैकी करते थे। इसके बाद कई दिनों तक नियमित श्रद्धालु बनकर मंदिर आते, घंटों पूजा-पाठ करते ताकि किसी को उन पर शक न हो।

CCTV घुमाकर करते थे चोरी

जांच में सामने आया कि जब मंदिर में लोगों की आवाजाही कम हो जाती थी, तब आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल देते थे। इसके बाद चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।वारदात के बाद दोनों भगवान के सामने माथा टेकते और सामान्य श्रद्धालुओं की तरह मंदिर से बाहर निकल जाते, जिससे किसी को उन पर संदेह नहीं होता था।

अन्य वारदातों की भी जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी दंपती ने जयपुर के अन्य मंदिरों में भी इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। दोनों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ चोरी के अन्य मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Share this story

Tags