जयपुर में पुलिस PCR गाड़ी में युवकों की शराब पार्टी, वीडियो में बीयर पीते दिखे पांच युवक
जयपुर में पुलिस की PCR गाड़ी में युवकों के शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पांच युवक पुलिस की गाड़ी में बैठकर और सड़क पर खड़े होकर बीयर पीते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह PCR गाड़ी एसएमएस थाना पुलिस की है। युवकों ने एक दोस्त के जन्मदिन पर पार्टी की थी। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड गानों पर रील्स भी बनाईं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कुछ युवक PCR गाड़ी के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ सड़क पर खड़े होकर शराब पी रहे हैं। सभी युवक बेफिक्र अंदाज में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मोबाइल से वीडियो भी रिकॉर्ड किए।
दोस्त के जन्मदिन पर की थी पार्टी
जानकारी के अनुसार, युवकों ने अपने एक दोस्त के जन्मदिन पर पार्टी आयोत की थी। इस दौरान उन्होंने PCR गाड़ी में बैठकर और उसके बाहर खड़े होकर बीयर पी। पार्टी के दौरान बॉलीवुड गानों पर रील्स भी बनाई गईं। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।वीडियो में कुल पांच युवक दिखाई दे रहे हैं। इसमें पुलिस की PCR गाड़ी भी साफ नजर आ रही है। गाड़ी एसएमएस थाना पुलिस की बताई जा रही है। हालांकि, वीडियो कब का है और युवकों को पुलिस की गाड़ी तक पहुंचने की अनुमति कैसे मिली, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
DCP ईस्ट बोलीं- वीडियो प्रथमदृष्ट्या पुराना लग रहा है
मामले को लेकर डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि वीडियो प्रथमदृष्ट्या देखने में पुराना लग रहा है। गाड़ी नंबर के आधार पर उसकी पहचान की गई है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो अभी का नहीं है।डीसीपी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस की ओर से मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
गाड़ी के इस्तेमाल को लेकर उठे सवाल
पुलिस PCR गाड़ी का इस्तेमाल आमतौर पर आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता और गश्त के लिए किया जाता है। ऐसे में युवकों का इस गाड़ी में बैठकर शराब पार्टी करते दिखाई देना कई सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह भी चर्चा है कि युवकों को पुलिस वाहन तक पहुंच कैसे मिली और उस समय गाड़ी की जिम्मेदारी किसके पास थी।फिलहाल डीसीपी के बयान के अनुसार वीडियो पुराना बताया जा रहा है और उसमें नजर आने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। मामले से जुड़े तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि PCR गाड़ी का इस्तेमाल किस परिस्थिति में किया गया था।

