Samachar Nama
×

जयपुर में होटल मैनेजमेंट के स्टूडेंट्स ने सजाया शाही ट्रेन जैसा कैंपस, फुटेज में देंखे टिकट से मिली एंट्री; 6 राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

जयपुर में होटल मैनेजमेंट के स्टूडेंट्स ने सजाया शाही ट्रेन जैसा कैंपस, फुटेज में देंखे टिकट से मिली एंट्री; 6 राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

जयपुर में होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को शुक्रवार को शाही ट्रेन में सफर करने और राजसी मेहमाननवाजी का अनोखा अनुभव मिला। पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (पीआईएचएम) के कैंपस में देश की प्रतिष्ठित लग्जरी ट्रेन ‘महाराजा एक्सप्रेस’ की थीम पर विशेष आयोजन किया गया। इस दौरा विद्यार्थियों ने न केवल शाही ट्रेन जैसा माहौल तैयार किया, बल्कि मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान और सेवा तक हर व्यवस्था को खास अंदाज में प्रस्तुत किया।आयोजन के लिए पूरे कैंपस को महाराजा एक्सप्रेस की तर्ज पर सजाया गया था। प्रवेश द्वार से लेकर रेस्टोरेंट और डाइनिंग एरिया तक हर जगह शाही ट्रेन की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने इस आयोजन के जरिए मेहमानों को ऐसा अनुभव देने की कोशिश की, मानो वे किसी लग्जरी ट्रेन में सफर कर रहे हों।

ट्रेन टिकट से मिली मेहमानों को एंट्री

इस आयोजन की सबसे खास बात प्रवेश व्यवस्था रही। मेहमानों को सामान्य तरीके से प्रवेश देने के बजाय ट्रेन टिकट के जरिए एंट्री दी गई। गेट पर पारंपरिक शाही परिधान पहने विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर मेहमानों का स्वागत किया। वहीं, टीटीई की भूमिका निभा रहे स्टूडेंट्स टिकट चेक करते नजर आए।पूरे आयोजन में विद्यार्थियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। किसी ने शाही स्वागत की व्यवस्था की तो किसी ने टिकट जांच, मेहमानों की अगवानी और रेस्टोरेंट में सेवा की जिम्मेदारी निभाई। इस तरह विद्यार्थियों ने होटल मैनेजमेंट के व्यावहारिक प्रशिक्षण को एक रचनात्मक आयोजन के रूप में पेश किया।

छह राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की दिखी झलक

महाराजा एक्सप्रेस के अतिथि रेस्टोरेंट में विशेष थीम लंच आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने महाराजा एक्सप्रेस के रूट में शामिल राज्यों के पारंपरिक खानपान को खास अंदाज में प्रस्तुत किया। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के व्यंजनों को मेहमानों के सामने परोसा गया।इस फूड थीम के जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों की खानपान संस्कृति और उनकी विशेषताओं को एक ही स्थान पर दिखाने का प्रयास किया गया। मेहमानों को विभिन्न राज्यों के पारंपरिक स्वाद चखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने व्यंजनों की प्रस्तुति और मेहमाननवाजी के जरिए भारतीय खानपान की विविधता को सामने रखा।

थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का अनुभव

होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन केवल एक थीम लंच नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण का भी अवसर रहा। इसमें उन्हें इवेंट मैनेजमेंट, अतिथि सत्कार, फूड प्रेजेंटेशन, टिकटिंग और रेस्टोरेंट सर्विस जैसी गतिविधियों का अनुभव मिला।महाराजा एक्सप्रेस की थीम पर तैयार इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रबंधन कौशल का प्रदर्शन किया। शाही सजावट, पारंपरिक स्वागत और अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों ने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया।

Share this story

Tags