जयपुर में युवक ने AI से बनाई अपनी किडनैपिंग की फोटो-वीडियो, फुटेज में देंखे परिजनों से मांगी 7 लाख की फिरौती; ऋषिकेश से पकड़ा गया
जयपुर में 22 साल के एक युवक ने दोस्तों से लिया कर्ज चुकाने के लिए खुद की किडनैपिंग की झूठी कहानी रच दी। उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अपहरण से जुड़ी फर्जी फोटो और वीडियो तैयार किए और उन्हें वॉट्सऐप के जरिए अपने परिजनों को भेज दिया। इसके बाद परिवार से 7 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने जांच के बाद युवक को शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के ऋषिकेश से पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने मौज-शौक के लिए दोस्तों से कर्ज लिया था। जब वह रकम नहीं चुका पाया तो उसने परिवार से पैसे हासिल करने के लिए अपनी किडनैपिंग की साजिश रची। युवक 26 अक्टूबर को घर से गायब हुआ था। उसके जीजा ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।
सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर होने की दी जानकारी
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि भांकरोटा इलाके में रहने वाले 22 वर्षीय युवक के अपहरण की रिपोर्ट उसके जीजा ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि युवक एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर है और एक खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था। परिवार को भेजे गए संदेशों में दावा किया गया कि प्रोजेक्ट हासिल करने के लिए कुछ अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है।किडनैपिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमें रवाना कर दीं। शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की और संभावित रास्तों का रूट मैप तैयार किया।
8 शहरों में 200 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले
युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने कई शहरों में सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जयपुर के अलावा मथुरा, उज्जैन, दिल्ली, हल्द्वानी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में 200 से ज्यादा कैमरों के फुटेज खंगाले गए।जांच के दौरान पुलिस को युवक की लोकेशन ऋषिकेश में मिली। इसके बादटीम वहां पहुंची और उसकी तलाश शुरू की।
लक्ष्मण झूला के पास घूमता मिला युवक
शुक्रवार सुबह पुलिस टीम को युवक ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला के पास घूमता हुआ मिला। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने खुद के अपहरण की झूठी साजिश रचने की बात स्वीकार की। पूछताछ में उसने बताया कि दोस्तों से लिया गया कर्ज चुकाने के लिए उसने यह पूरा नाटक किया था।युवक ने AI की मदद से अपहरण की फर्जी तस्वीरें और वीडियो तैयार किए थे, ताकि परिवार को उसकी किडनैपिंग का भरोसा हो सके। इसके बाद उसने परिजनों से 7 लाख रुपए की मांग की।
AI से फर्जी तस्वीरें बनाने का मामला चर्चा में
इस मामले में AI तकनीक का इस्तेमाल कर अपहरण की झूठी तस्वीरें और वीडियो तैयार करना भी सामने आया है। पुलिस ने युवक को ऋषिकेश से पकड़कर आगे की पूछताछ शुरू की है। मामले में पुलिस की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ने परिवार को भेजे गए फर्जी फोटो-वीडियो किस तरह तैयार किए थे।

