जयपुर में 'सम्मोहन' के नाम पर महिला से गहने उतरवाए, वीडियो में जाने बच्चों को लेने जा रही थी तभी बदमाशों ने बनाया शिकार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महेश नगर थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने एक महिला को कथित तौर पर बातों में उलझाकर उसके सोने के गहने उतरवा लिए और फरार हो गए। महिला बच्चों को स्कूल से लेने के लिए घर से निकली थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, महेश नगर के अवधपुरी निवासी रिटायर्ड तहसीलदार मेवाराम ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहू गायत्री देवी के साथ यह वारदात हुई है।
एड्रेस पूछने के बहाने रोका, फिर बातों में फंसाया
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे की बताई जा रही है। गायत्री देवी अपने बच्चों को स्कूल से लेने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में दो युवक उनके पास पहुंचे और किसी जगह का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी।आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने धार्मिक बातें करते हुए महिला को प्रभावित करने की कोशिश की। बदमाशों ने भगवान की कृपा मिलने जैसी बातें कहीं और महिला को अपनी बातों में उलझा लिया।
बदमाशों के कहने पर उतारे गहने
पुलिस शिकायत के मुताबिक, आरोपियों की बातों में आकर गायत्री देवी ने अपने हाथ में पहनी सोने की अंगूठी और नाक का सोने का कांटा उतार दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें कुछ कदम आगे जाने और पीछे मुड़कर नहीं देखने को कहा।महिला जब कुछ दूरी तक चली गई, तो दोनों आरोपी गहने लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद गायत्री देवी को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुए आरोपी
घटना की जानकारी मिलने के बाद महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं।अब पुलिस उनकी पहचान करने और तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने गहने या कीमती सामान किसी भी स्थिति में न उतारें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।जयपुर में पहले भी इस तरह की ठगी की वारदातें सामने आती रही हैं, जिनमें आरोपी बातचीत और विश्वास का सहारा लेकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। फिलहाल महेश नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

