Samachar Nama
×

Kota के बूंदी में दलित दूल्हे की पुलिस सुरक्षा के बीच निकली बिंदोरी

कोटा न्यूज़ डेस्क, बूंदी जिले में दलित दूल्हा-दुल्हन ने घोड़ी पर बिंदोरी निकालने की ठानी और प्रशासन से गुहार लगाई। प्रशासन ने सोमवार को दूल्हे की बिंदोरी को पुलिस सुरक्षा के बीच निकलवाया। कलेक्टर रेनू जयपाल, एसपी जय यादव सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी बिंदोरी में शामिल भी हुए और पुष्प वर्षा कर बारातियों का स्वागत किया। सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने की पहल की। दलित दूल्हा बाकायदा घोड़ी पर चढ़ा, डीजे की धुन पर परिवार के लोग नाचते हुए दिखाई दिए, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा नजर आया।

चड़ी गांव में बाबूलाल मेघवाल की छठी बेटी द्रोपदीबाई की शादी है। वह ग्रेजुएट है और पांच बेटियों की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई थी। बासण पूजन सहित कई रस्में निभाई गई। बारात बख्शपुरा से आई। दूल्हा श्रीराम भी ग्रेजुएट है। गांव में कोई विवाद नहीं है, सभी ऐसी पहल से खुश है। कलेक्टर रेनु जयपाल ने बताया की ऑपरेशन समानता का मकसद दलित दूल्हों को घोड़ी से उतारने जैसी घटनाओं को रोककर इस परिपाटी को तोड़ना है। गांवों में संवैधानिक अधिकार दिलाना और सामाजिक समरसता कायम रखना है। जिले में दूल्हों को घोड़ी से उतारने की कई घटनाएं सामने आती है। इससे गांव में सामाजिक सदभाव, कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो जाती है। पुलिस ने सर्वे कर ऐसे 25 से 30 गांव चुने हैं, जहां ऑपरेशन समानता समितियां बनाई गई है। हर समिति में गांव के हर समाज से दो-दो लोग, सरपंच, पुलिस मित्र, ग्रामरक्षक, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी शामिल किए गए है। बीट स्तर से जानकारी जुटाई जाएगी कि आने वाले दिनों में किस गांव में किस-किस दलित परिवार में शादी है। पुलिस, प्रशासन शादी के दिन सदभावना के साथ बिंदौरी निकालने और बारात के स्वागत और बिंदौरी की व्यवस्था करेगा। समिति की हर महीने मीटिंग होगी। इसमें सदस्यों के साथ डीएसपी, थानाधिकारी, बीट कांस्टेबल भी रहेंगे।

राजस्थान न्यूज़ डेस्क !!!

Share this story