अलवर में राजस्थान हाईकोर्ट के जज के घर दिनदहाड़े चोरी, जंगला और दरवाजे तोड़कर घुसे चोर; CCTV में संदिग्ध की तस्वीर मिली
अलवर में राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के न्यायाधीश भुवन गोयल के घर को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। चोर आर्यनगर स्थित मकान के जंगले, दरवाजे का कुंडा और छत पर जाने वाली सीढ़ियों के दरवाजे का कुंडा तोड़कर अंदर घुसे। घर से चोर पीतल के कीमती बर्तन, नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा मकान में केयरटेकर के तौर पर रहने वाले एडवोकेट जगदीश सैनी का आधार कार्ड भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह केयरटेकर और एडवोकेट जगदीश सैनी अपने कोर्ट स्थित ऑफिस चले गए थे। उस समय मकान बंद था। शाम करीब 4 बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो मकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। घर की हालत देखकर उन्हें चोरी का पता चला।
जंगला और दरवाजों के कुंडे टूटे मिले
घर की जांच करने पर सामने आया कि चोरों ने मकान में प्रवेश करने के लिए जंगले को तोड़ा था। इसके बाद दरवाजे का कुंडा और ऊपर छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के दरवाजे का कुंडा भी तोड़ दिया गया था। माना जा रहा है कि चोर इन्हीं रास्तों से मकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घर से कीमती सामान और नकदी चोरी
चोर मकान से पीतल के कीमती बर्तन, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। चोर केयरटेकर एडवोकेट जगदीश सैनी का आधार कार्ड भी अपने साथ ले गए। आधार कार्ड चोरी होने से पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मकान का निरीक्षण किया और चोरी के तरीके तथा चोरों के प्रवेश और बाहर निकलने के रास्तों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध आरोपी की साफ तस्वीर हाथ लगी है। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध के आने-जाने के रास्ते और उसके साथियों के बारे में जानकारी मिल सके।sफिलहाल पुलिस चोरी हुए सामान और नकदी की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध आरोपी की तलाश कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है।

