जोधपुर में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत, कई इलाकों में जलभराव; वीडियो में जाने खरीफ फसलों को मिलेगा फायदा
सूर्यनगरी जोधपुर में रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। बारिश के बाद सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।तेज बारिश के कारण मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल के सामने की सड़क पर पानी जमा हो गया। इसके अलावा लूणी कस्बे की गलियों और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के पार्कों में भी भारी जलभराव देखने को मिला। कई जगहों पर पानी निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार को हुई बारिश से शहरवासियों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय हुई बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों को नया जीवन मिलेगा।किसानों का कहना है कि मानसून की अच्छी बारिश से बाजरा, मूंग, मोठ और अन्य खरीफ फसलों को फायदा होगा। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अब फसल उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद जगी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जोधपुर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।इससे पहले शनिवार को दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश नहीं होने से शहर में उमस और गर्मी का असर कायम था। रविवार को हुई तेज बारिश ने लोगों को इस गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने और पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। बारिश के बाद शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है।

