देश में गर्मी का प्रकोप तेज, कई राज्यों में पारा 40° पार; वीडियो में जाने पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। वहीं रतलाम (मध्य प्रदेश) में भी तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो हफ्तों तक कोई नया पश्चिमी विक्षोभ या मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं होगी। इसके चलते तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है और कई इलाकों में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं।
हालांकि, देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह अलग बना हुआ है। सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे वहां के निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।दक्षिण भारत में भी मौसम ने करवट ली है। केरल और कर्नाटक में तेज तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
वहीं, पहाड़ी राज्यों में अभी भी सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। बद्रीनाथ और केदारनाथ (उत्तराखंड) में मंगलवार को बर्फबारी हुई। इसके अलावा भद्रवाह (जम्मू-कश्मीर), केदारनाथ और लाचेन (सिक्किम) में बर्फबारी के कारण बंद हुए रास्तों को खोलने का काम जारी है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि देश में इस समय अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम के विपरीत प्रभाव देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ों और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। आने वाले दिनों में मौसम के इन बदलावों का असर और स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है।

