Samachar Nama
×

राजस्थान में दिन में गर्मी, रात को बढ़ने लगी ठंड, माउंट आबू सबसे ठंडा; वीडियो में जाने अगले दो सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में दिन में गर्मी, रात को बढ़ने लगी ठंड, माउंट आबू सबसे ठंडा; वीडियो में जाने अगले दो सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में अब दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रातें ठंडी होने लगी हैं। कई शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, वहीं दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार को माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जबकि बाड़मेर में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले दो सप्ताह के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है, जबकि रात का पारा सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में बारिश की गतिविधियां भी कम रहने का अनुमान है।

माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री

गुरुवार को हिल स्टेशन माउंट आबू प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 12.5, सीकर में 13.2, सिरोही में 13.4, नागौर में 14.1, उदयपुर में 14.4 और चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।इन इलाकों में रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है।

अगले एक सप्ताह साफ रहेगा आसमान

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिनभर धूप निकलेगी और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बारिश की कोई बड़ी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है।

अगले दो सप्ताह ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो सप्ताह तक राजस्थान में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। वहीं रात का तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है। कुल मिलाकर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों को दोपहर में गर्मी और सुबह-शाम ठंड का एहसास होगा।

Share this story

Tags