जयपुर में सास के बैंक लॉकर से सोने के गहने और 3 बिस्किट गायब, वीडियो में जाने बहू पर चोरी का आरोप; दहेज केस में फंसाने की धमकी देने का भी दावा
जयपुर में बैंक लॉकर से सोने के गहने और तीन सोने के बिस्किट गायब होने का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष ने अपनी बहू पर सास के बैंक लॉकर से गहने निकालने का आरोप लगाया है। आरोप है कि जब इस बारे में बहू से पूछा गया तो वह सास-ससुर पर ही नाराज हो गई और दहेज के मामले में फंसाने की धमकी देने लगी। मामले में पीड़ित ससुर की ओर से जवाहर नगर थाने में बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जवाहर नगर निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी ने पंजाब नेशनल बैंक में बैंक लॉकर ले रखा है। इस लॉकर में पत्नी ने अपने सोने के गहने और तीन सोने के बिस्किट सुरक्षित रखे हुए थे।
कुछ महीनों से बहू भी करने लगी थी लॉकर का इस्तेमाल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से उनकी बहू भी बैंक लॉकर से लेन-देन करने लगी थी। इस दौरान परिवार की ओर से काफी समय तक लॉकर की नियमित देखरेख नहीं की गई। कुछ दिन पहले जब वे बैंक लॉकर संभालने पहुंचे तो उसमें रखे सोने के गहने और तीनों सोने के बिस्किट गायब मिले।इसके बाद परिवार ने लॉकर से गहने और बिस्किट गायब होने के संबंध में बहू से पूछताछ की। आरोप है कि बहू ने इस सवाल का जवाब देने के बजाय गुस्सा करना शुरू कर दिया।
पूछने पर दहेज केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप
बुजुर्ग के मुताबिक, बहू ने लॉकर में गहने और सोने के बिस्किट रखे होने से ही इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने उल्टा सास-ससुर को डांटते हुए कहा कि वे उसका झूठा नाम लगा रहे हैं। साथ ही दहेज के मामले में फंसाने की धमकी भी दी।शिकायतकर्ता का आरोप है कि बैंक लॉकर से गहने गायब होने और पूछताछ करने पर धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। जवाहर नगर थाना पुलिस ने बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस बैंक लॉकर से जुड़े रिकॉर्ड और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही गहने गायब होने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

