गौतम अडानी ने NSG कमांडो सुनील जोधा को लगाया गले, वीडियो में बोले- आपने 18 साल पहले मेरी जान बचाई थी
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की यादें एक बार फिर चर्चा में हैं। उद्योगपति गौतम अडानी ने उस हमले के दौरान उनकी जान बचाने वाले एनएसजी कमांडो सुनील जोधा से मुलाकात की। अहमदाबाद स्थित अपने ऑफिस में परिवार के साथ पहुंचे सुनील जोधा को देखते ही अडानी ने उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा, "आप हमारे रियल हीरो हैं। आज भी अपने सीने में एक गोली लेकर घूम रहे हैं। 18 साल पहले मैं भी उस होटल में था। आपने मेरी जान बचाई थी। आप और आपके बहादुर साथी जवानों की वजह से आज मैं सुरक्षित हूं।"इस मुलाकात के दौरान गौतम अडानी की पत्नी डॉ. प्रीति अडानी भी मौजूद थीं। यह मुलाकात उस बहादुर कमांडो के प्रति आभार जताने का मौका बनी, जिसने मुंबई के ताज होटल में हुए आतंकी हमले के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में हिस्सा लिया था।
12 घंटे तक ताज होटल में फंसे रहे थे गौतम अडानी
26 नवंबर 2008 को मुंबई के ताज होटल समेत कई स्थानों पर आतंकियों ने हमला किया था। इस दौरान गौतम अडानी भी ताज होटल के अंदर मौजूद थे। वह करीब 12 घंटे तक होटल में फंसे रहे। हमले के बाद एनएसजी कमांडो और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।इसी अभियान के दौरान कमांडो सुनील जोधा और उनके साथियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा की। जवानों की कार्रवाई के बाद गौतम अडानी को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया था। अब करीब 18 साल बाद अडानी ने उस घटना को याद करते हुए सुनील जोधा के प्रति आभार जताया।
हमले में आठ गोलियां लगी थीं सुनील जोधा को
सुनील जोधा राजस्थान के अलवर जिले के मुंडिया खेड़ा गांव के रहने वाले हैं। उनका चयन 29 जून 2001 को भारतीय सेना में हुआ था। इसके बाद साल 2008 में उनका चयन एनएसजी की 51 स्पेशल एक्शन ग्रुप (SAG) में हुआ।26/11 के आतंकी हमले के दौरान ऑपरेशन में शामिल रहते हुए सुनील जोधा को आठ गोलियां लगी थीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने आतंकियों के खिलाफ अभियान में अपना योगदान दिया। आज भी उनके सीने में एक गोली मौजूद है। इसी बात का जिक्र करते हुए गौतम अडानी ने उन्हें देश का असली हीरो बताया।
सुनील की पत्नी रेणू के संघर्ष को भी किया महसूस
मुलाकात के दौरान जब सुनील जोधा ने 26/11 के हमले में घायल होने और आठ गोलियां लगने की घटना बताई तो गौतम अडानी की पत्नी डॉ. प्रीति अडानी भावुक हो गईं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सुनील की पत्नी रेणू की पीड़ा को भी महसूस किया।यह मुलाकात केवल एक औपचारिक भेंट नहीं थी, बल्कि उस साहस और बलिदान के प्रति सम्मान जताने का अवसर भी थी, जिसकी वजह से मुंबई हमले के दौरान कई लोगों की जान बच सकी। सुनील जोधा जैसे जवानों की बहादुरी देश के लिए प्रेरणा है।

