पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा बोले- प्रधान BJP का बनाया तो ईंट से ईंट बजा दूंगा, वीडियो में जाने जिला प्रमुख कांग्रेस का बनाने की अपील, बोले- वर्तमान MLA भी बचकर रहें
राजस्थान के टोंक जिले में निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा ने पंचायत चुनाव को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रधान भाजपा का बनाया तो वे बीजेपी की ईंट से ईंट बजा देंगे। वहीं, जिला प्रमुख कांग्रेस का बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए जूते भी दे देंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जूते किसे देंगे, यह उन्हें खुद पता नहीं है।
प्रशांत बैरवा रविवार शाम करीब 5 बजे टोंक के पहाड़ी कट इलाके में पत्नी सुषमा बैरवा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उनकी पत्नी सुषमा बैरवा जिला परिषद सदस्य के वार्ड नंबर 22 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर 14 नवंबर को मतदान होना है।
'प्रधान भाजपा का बनाया तो ईंट से ईंट बजा दूंगा'
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद के कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सीआर यानी पंचायत समिति सदस्य और डीआर यानी जिला परिषद सदस्य को जीत दिलाएं।बैरवा ने कहा, "प्रधान आप बनाओगे तो BJP की ईंट से ईंट मैं बजाऊंगा। जिला प्रमुख कांग्रेस का बिठाओगे, तो जूते तो मैं दे दूंगा। हालांकि, जूते किसके दूंगा ये तो पता नहीं।"उन्होंने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि वे अधिकारियों की बात नहीं कर रहे हैं। उनके मुताबिक, अधिकारियों से वे हाथ जोड़-जोड़कर काम करा लेते हैं।
वर्तमान विधायक को भी दी बचकर रहने की सलाह
प्रशांत बैरवा ने निवाई के मौजूदा विधायक को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि निवाई का विधायक तो पिटता ही पिटता है। वर्तमान विधायक के कार्यकाल के भी दो साल बचे हैं और उन्हें भी कहेंगे कि भाई साहब बचकर रहना।उनके इस बयान के दौरान चुनावी माहौल में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की झलक दिखाई दी। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस संदर्भ में उन्होंने मौजूदा विधायक को यह सलाह दी है।
बोले- कहीं लोग स्वागत के लिए भाटे लेकर बैठे थे, कहीं लट्ठ लेकर
पूर्व विधायक ने अपने संबोधन में पिछले चुनाव के दौरान लोगों के बीच जाने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वे पूरी तरह लोगों के बीच नहीं जा पाए। कई जगह लोग उनका स्वागत भाटे से करने के लिए बैठे थे, जबकि कुछ जगह लोग लट्ठ लेकर तैयार थे।बैरवा ने कहा, "मेरी समझ में नहीं आया कि मैं चुनाव लड़ने बैठा हूं या किसी को भगाकर ले गया हूं। न तो मैंने दलाली की, न लूटकर गया, फिर भी लोग मुझे गांव से भगा रहे थे।"उन्होंने आगे कहा कि वे साफ-सुथरे निकल गए, यह उनके लिए बहुत बड़ा अचीवमेंट है।
पत्नी वार्ड 22 से कांग्रेस प्रत्याशी
प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा टोंक में जिला परिषद सदस्य के वार्ड नंबर 22 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। उन चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पंचायत समिति तथा जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।14 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले बैरवा के इस बयान ने टोंक की स्थानीय राजनीति में चर्चा बढ़ा दी है।

